गुजरात व हिमाचल में मिली जीत से उत्साहित हैं नेता-कार्यकर्ता
अब लोकसभा व बिहार विधानसभा की तैयारी
नये साल में अमित शाह आ सकते हैं दौरे पर
रोशन कुमार
गया : गुजरात व हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में हुई जीत से उत्साहित भाजपा की केंद्रीय नेतृत्व की नजर 2019 में होनेवाले लोकसभा व 2020 में बिहार में होनेवाले विधानसभा चुनाव पर है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुजरात व हिमाचल प्रदेश में जीत को लेकर बूथ जीता-चुनाव जीता का फॉर्मूला अपना था. इसी फॉर्मूला को भाजपा बिहार में भी लागू करना चाहती है. इसी योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया भाजपा ने शुरू कर दिया है.
भाजपा की रणनीति के अनुसार नये साल में अमित शाह बिहार के दौरे पर आयेंगे. अमित शाह की योजना है कि वह किसी को बताये बिना किसी भी विधानसभा के बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और यह जानने का प्रयास करेंगे कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की क्या स्थिति है? इसी के मद्देनजर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र जी ने गुरुवार को जिले के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक की और मंडल अध्यक्षों को उपरोक्त बिंदुओं पर कई टिप्स दिये. इस मौके पर क्षेत्रीय प्रभारी सह प्रदेश उपाध्यक्ष शिवेश राम, क्षेत्रीय विस्तारक प्रभारी उपेंद्र गौतम, गुरुआ विधायक राजीव रंजन दांगी, पूर्व विधायक श्यामदेव पासवान, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, प्रवक्ता युगेश कुमार, नागेंद्र सिंह दांगी, गजेंद्र दास, अनंत दांगी, अभिषेक कुमार व डॉ शालिनी समेत काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे.
सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है भाजपा : नागेंद्रजी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नागेंद्र जी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. पार्टी के जनादेश का उपयोग भाजपा के कार्यकर्ता आम लोगों के हित में करें, क्योंकि आम लोगों ने भाजपा का समर्थन अच्छे कार्यों के लिए दिया है. भाजपा हमेशा गरीबों, वंचितों व शोषितों को न्याय के साथ विकास करने के लिए ही जानी जाती है.
यही कारण है कि महिलाओं पर ज्यादा अत्याचार के खिलाफ तीन तलाक के ऊपर कानून बना कर उन्हें हक दिलाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी की सरकार पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विचारों की देन है. पंडित उपाध्याय ने अंत्योदय का नारा दिया था. अंत्योदय का मतलब था कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के पास विकास व न्याय पहुंच सके. उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा गरीबों, वंचितों, शोषितों व समाज के पिछड़ों के लिये चलायी जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाये और जो लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें लाभ पहुंचाने का कार्य करें.
