तकनीक को बनाना है किसानों की ताकत : डॉ प्रेम कुमार

गया : प्रदेश के किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है. उनके हाथों में नये-नये कृषि यंत्र आने से वे आधुनिक खेती की ओर तेजी से बढ़ेंगे. नयी तकनीक से खेतीबाड़ी से आमदनी भी अच्छी होगी. यह बातें प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गांधी मैदान में शुरू हुए दो […]

गया : प्रदेश के किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है. उनके हाथों में नये-नये कृषि यंत्र आने से वे आधुनिक खेती की ओर तेजी से बढ़ेंगे. नयी तकनीक से खेतीबाड़ी से आमदनी भी अच्छी होगी. यह बातें प्रदेश के कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने शुक्रवार को गांधी मैदान में शुरू हुए दो दिवसीय कृषि प्रदर्शनी सह यांत्रिकीकरण मेले का शुभारंभ करते हुए कहीं. कृषि मंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर से पूरे प्रदेश की पंचायतों में किसानों की समस्याओं से रूबरू होने के लिए चौपाल लगाये जायेंगे.

इसमें कृषि विभाग की सभी योजनाओं के बारे में संबंधित अधिकारी किसानों को बतायेंगे. उन्होंने कृषि रोड मैप की चर्चा करते हुए कहा कि इस रोड मैप के जरिये सरकार ने प्रदेश के किसानों को खुशहाल करने की योजना बनायी है. इसके पहले कृषि मंत्री, जिला कृषि पदाधिकारी, बामेती के निदेशक गणेश राम, आत्मा के निदेशक, कृषि विज्ञान केंद्र मानपुर के सीनियर वैज्ञानिक डॉ सुरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा आदि ने दीप जला कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया.

10 प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित: कृषि मंत्री ने मेले के दौरान गया जिले के 10 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया. इसमें बागवानी के लिए मानपुर के मोहम्मद सलीम, गुरारू के विजय भगत, कृषि के क्षेत्र में नये प्रयोग करनेवाले कोच के प्रभात कुमार, कोच के ही अरुण कुमार, कृषि के लिए ही मोहड़ा के सुमित कुमार, पशुपालन के लिए सदर प्रखंड के सुबोध कुमार, बागवानी के लिए वजीरगंज के सूरजदेव मेहता, बागवानी के लिए ही मानपुर की शकुंतला देवी, मत्सय पालन के लिए देवस दास और कृषि के लिए डोभी के रामसेवक महतो को सम्मानित किया गया.
शौचालय स्कीम से कुशल युवा कार्यक्रम तक के लगे हैं स्टॉल : कृषि मेले में पहले दिन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की ओर से लोहिया स्वच्छता मिशन के स्टॉल के साथ ही कुशल युवा कार्यक्रम, जिला मत्स्य विभाग, गव्य विभाग के साथ ही जीविका के भी स्टॉल लगाये गये हैं. इसके अलावा खेतों में पड़नेवाली कीटनाशक व बीज के स्टॉल पर किसान पूछताछ करते दिखे. पावरटीलर और थ्रेसर को लेकर भी किसानों में काफी रुचि देखी गयी. साथ ही ट्रेक्टर व टेलर के स्टॉल पर किसान सब्सिडी के बारे में पूूछताछ करते दिखे. मेले में किसानों को जानकारी देने के लिए सबौर भागलपुर कृषि विद्यालय के किसान ज्ञान रथ के पास भी किसानों का जमावड़ा लगा रहा. विभिन्न प्रकार के नाटक व अन्य कार्यक्रमों की जानकारी से लैस इस रथ को लेकर किसान काफी उत्साहित दिखे.
किसानों को नयी मशीन की सौंपी गयी चाबी
कृषि मंत्री ने कार्यक्रम में जिले के सात किसानों को नयी मशीन की चाबी सौंपी. इसमें घरिया (वजीरगंज) के कुमार रजनीश आचार्य को हार्वेस्टर, पथरा (गुरारू) के लालदेव यादव को हार्वेस्टर, बलियारी (खिजरसराय) के संजय कुमार को पावरटीलर, उतलीबारा (टनकुप्पा) के सुकेश यादव को पावरटीलर, गोलपुर (नगर प्रखंड) के राजेश प्रसाद को पावरटीलर, भेटौरा (टनकुप्पा) के रामदीय यादव को पावरटीलर और खुशहालपुर (खिजरसराय) के रामानंद प्रसाद को पावरटीलर की चाबी सौंपी गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >