काग्यू पंथ के लामा व श्रद्धालु पूजा में हो रहे हैं शामिल
पश्चिमी देशों के करमापा के अनुयायी भी सुन रहे करमापा का प्रवचन
बोधगया : विश्व शांति की कामना के साथ गुरुवार से महाबोधि मंदिर में काग्यू मोनलम चेन्मो (पूजा) का शुभारंभ हुआ. पूजा का नेतृत्व 17वें ग्यालवा करमापा त्रिनले थाय दोरजे कर रहे हैं व उनके साथ काग्यू पंथ के पंथ लामा व रिनपोचे भी मंत्रोच्चार करने में जुटे हैं. करमापा द्वारा बोधिसत्व समंतभद्र की प्रार्थना की जा रही है व विश्व के मानव कल्याण की कामना भगवान बुद्ध से की जा रही है. पूजा में शामिल होने के लिए विभिन्न बौद्ध मठों से करीब 10 हजार भिक्षु, भिक्षुणी व श्रद्धालु बोधगया पहुंचे हैं.
आगामी 22 दिसंबर को पूजा का समापन होगा व इस दौरान करमापा का प्रवचन सुनने के लिए पश्चिमी देशों के करमापा के सैकड़ों अनुयायी भी बोधगया पहुंचे हैं. पूजा को लेकर महाबोधि मंदिर परिसर को विभिन्न किस्मों के फूलों से सजाया गया है व पूजा स्थल पर तोरमा बना कर भगवान बुद्ध के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाया गया है. महाबोधि मंदिर परिसर में काग्यू मोनलम चेन्मो के आयोजन को लेकर मंदिर परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है व सभी श्रद्धालुओं की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है.
