मानपुर: भुसुंडा खेल मैदान में रविवार को माउंटेन मैन दशरथ मांझी की याद में तृतीय वर्ष खेल महोत्सव का आयोजन मगध मित्र मंडली के तरफ से किया गया. इसका उद्घाटन जगजीवन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ शौकत अली व नक्सल अभियान के एसपी अरुण कुमार सिंह व बीएसएफ कमांडेंट मनोज कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फीता काट किया.
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पूर्व प्राचार्य डॉ शौकत अली ने कहा कि खेल प्रतियोगिता में भाग लेने से युवकों व युवतियों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारने का मौका मिलता है. आज आपसी ईर्ष्या व द्वेष भावना के शिकार युवा पीढ़ी हो रही है. लेकिन, हम आपको अपने विवेक से चलना होगा.
तभी समाज व देश का विकास होगा. कार्यक्रम में एसपी नक्सल अरुण कुमार सिंह ने कहा कि खेल समाज के एक धागे में बांधने का काम करती है. आज के बच्चे सिर्फ किताब से लगाव रखते हैं. खेल से मन व तन दोनों स्वास्थ्य रहता है. खेल का शुभारंभ फुटबॉल खेल से हुआ. इसमें लखीबाग क्लब बनाम कोहिनूर क्लब के बीच हुआ. लखीबाग की टीम ने कोहीनूर टीम को 5-0 से हरा कर जीत दर्ज की. इस प्रतियोगिता के आयोजन कर्ता मगध मित्र मंडली के अध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, महिला कबड्डी आदि प्रतियोगिताएं होंगी. यह खेल प्रतियोगिता 22 अक्तूबर से तीन नवंबर तक खेली जायेगी. इस मौके पर डॉ अशोक सिंह, सीतामढ़ी के एसडीएम प्रदीप कुमार, विजय कुमार, देवानंद प्रसाद के अलावा अन्य लोग मौजूद थे.
