सियासत. पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप ने केंद्र व बिहार सरकार पर बोला हमला
कहा, केंद्र के इशारे पर हमारे परिवार को किया जा रहा परेशान
टिकारी : गोवर्धन पूजा के मौके पर शनिवार को कमालपुर स्थित सहदेव प्रसाद यादव प्लस-टू उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों का हौसला बढ़ाने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव पहुंचे. इस दौरान समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र व बिहार सरकार पर जम कर हमला बोला. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में हिम्मत है तो चुनाव मैदान में आये. चुनाव मैदान में ही दूध का दूध व पानी का पानी हो जायेगा. जनता इस बार किसी के बहकावे में आनेवाली नहीं है. आज समय आ गया है, जब भाजपा को देश से भगाने के लिये हम सब युवा साथियों को एकजुट होना होगा.
उन्होंने कहा कि हमारे परिवार को केंद्र के इशारे पर परेशान किया जा रहा है. लेकिन, इससे लालू प्रसाद व तेजस्वी घबराने वाले नहीं हैं. जनता सब जान रही है. समय आने पर जनता अपनी चट्टानी एकता का परिचय देते हुए वोट के माध्यम से सबका हिसाब करेगी.
राजनीति में आएं युवा, तभी होगा समाज में परिवर्तन : उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीति में आना ही होगा, तभी समाज में परिवर्तन होगा. केवल डॉक्टर व इंजीनियर बन कर समाज के गरीब गुरबों का भला नहीं हो सकता है. समाज को सांप्रदायिकता की आग में जलने से युवा ही बचा सकते हैं. उन्होंने कहा कि सृजन घोटाला बहुत बड़ा घोटाला है और इस सबूत को एक साजिश रच कर दबाया जा रहा है. गरीब-गुरबों को दबाने को भूल जब-जब की जायेगी, तब-तब भगवान श्रीकृष्ण अवतार लेंगे. उन्होंने कहा कि गरीब-गुरबों का राज लाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा.
प्रतियोगिता में हर्षित व दिनेश ने मारी बाजी : इस दौरान आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार पानेवाले हर्षित कुमार तुतुरखी व दिनेश कुमार को शील्ड व पांच हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार पानेवाले बागेश कुमार को 21 सौ रुपये व तृतीय पुरस्कार गुड्डू कुमार को 11 सौ रुपये वोहिया कमालपुर को दिया गया. पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने विजेताओं को मेडल, शील्ड व पुरस्कार से संबंधित रुपये को देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
वर्षों से आकर्षण का केंद्र बनी है दंगल प्रतियोगिता : इस मौके पर मौजूद सहदेव प्रसाद यादव फाउंडेशन व गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ गोपाल कृष्ण कहा कि पहलवानों का दंगल व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन यहां का प्रमुख आकर्षण वर्षों से बना हुआ है. कुश्ती प्रतियोगिता की देख-रेख एसएन सिन्हा काॅलेज, टिकारी के भूगोल विभाग के सेवानिवृत्त व्याख्याता प्रो सुखदेव प्रसाद यादव व नारायण पहलवान ने संयुक्त रूप से किया. इस मौके पर अनिल कुमार यादव, सुरेश प्रसाद यादव, सुभाष यादव, अवधेश यादव, प्रो मुंद्रिका प्रसाद नायक, रामलखन भगत, राजदेव सिंह चंद्रवंशी, वीरेंद्र कुमार दूबे, शिवलोकी यादव के अलावे विभिन्न गांव के दूर दराज से काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
राजद कार्यकर्ताओं को दी गयी जिम्मेदारी : बाराचट्टी. 22 व 23 अक्तूबर को बाराचट्टी के 13 पंचायतों में राजद पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना है. इसके मद्देनजर सभी पंचायतों में मॉनीटरिंग के लिए राजद द्वारा पंचायत निर्वाची पदाधिकारी की नियुक्ति की गयी है. इस संबंध में राजद प्रखंड अध्यक्ष केडी यादव ने बताया कि बिंदा पंचायत में राजकुमार यादव, सरवां में संजय कुमार आजाद, बजरकर में निशांत अली खां, बीबीपेशरा में अरविंद कुमार, अकेला पतलुका में केसर यादव, झाझ में हरी मांझी, दीवनियां में जयराम यादव, रोही में देवेंद्र प्रसाद, बारा में आरवी प्रसाद, काहुदाग में दुखनी देवी, बुमेर में शाहिद जहीर, जयगीर में महादेव यादव, भलुआ में इंद्रदेव यादव को पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी दी गयी है.
धार्मिक अंदाज में पूर्व मंत्री ने की श्रीकृष्ण की स्तुति
इस मौके पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने बड़े ही धार्मिक अंदाज में श्रीकृष्ण की स्तुति की और श्रीकृष्ण की पूजा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी. इस समारोह की देख-रेख सहदेव प्रसाद यादव फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ गोपाल कृष्ण ने किया. समारोह में विधायक डॉ सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व सांसद रामजी मांझी, महिला प्रकोष्ठ के नेता सरस्वती देवी, प्रदेश छात्र राजद नेता आकाश यादव, अशोक कुमार आजाद, अरवल विधायक रवींद्र यादव, राजद सचिव सुनील यादव, युवा राजद प्रदेश सचिव सुभाष यादव, जिला उपाध्यक्ष सिद्धेश्वर प्रसाद यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष राधेश्याम प्रसाद, अवधेश यादव, अनिल यादव, मुर्शिद आलम व निरंजन कुशवाहा के अलावे कई लोगों ने मंच से संबोधित किया.
