गया : तन-मन झुलसा देनेवाली गरमी ने गया व आसपास के लोगों को बेहाल कर दिया है. सुबह आठ बजते ही आसमान से आग बरसने लगती है. दोपहर तक गरमी प्रचंड रूप धारण कर लेती है और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है. रात में भी तपिश से राहत नहीं मिल पा रही है.
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रविवार को गया का तापमान 46 डिग्री के पार चला गया. अधिकतम तापमान 46.1 और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. दिन भर लू व तेज धूप से सड़कों पर वीरानगी छायी रही. अधिकतर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे. देर शाम के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आयी, पर ऊमस जस की तस बनी रही. गया के अलावा औरंगाबाद, सासाराम व भभुआ में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट के मुताबिक, अभी एक-दो दिन तक ऐसे ही हालात रहेंगे यानी राहत मिलने की उम्मीद अभी नहीं है.
अगले छह दिनों का संभावित तापमान
5 जून 46.0
6 जून 44.0
7 जून 41.0
8 जून 38.0
9 जून 38.0
10 जून 38.0
