Film Making In Bihar: बिहार में फिल्म बनाने वाले निर्माता निदेशकों के लिए खुशखबरी है. अब बिहार में शुटिंग के लिए उन्हें दूसरे राज्यों से कुछ भी लाने की जरूरत नहीं होगी. एक्टर, फोटोग्राफर, विडियो एडिटर, स्पॉट बॉय, सिंगर, एसिस्टेंट, कैमरामैन से लेकर फूड सप्लायर, गाड़ियां, टेक्निशियन, कैमरा, ड्रेस डिजाइनर, मेकअप आर्टिस्ट के अलावा लॉजिस्ट से जुड़े सभी लोग मिल सकेंगे.
इस वेबसाइट से होगा चयन
फिल्म निर्माता को कला एवं संस्कृति विभाग के बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट film.bihar.gov.in पर रजिस्ट्रर्ड कलाकारों का चयन करना होगा. विभाग की वेबसाइट पर 800 से अधिक कलाकरों और 26 वेंडर्स ने भी रजिस्ट्रेशन कराया है. अधिकारियों के अनुसार इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराना बिल्कुल फ्री है. इससे बिहार के कलाकारों को आसानी से काम मिल सकेगा. फिल्म निर्माताओं को बेवजह खर्चों से मुक्ति मिलेगी.
बिहार की खूबसूरत लोकेशंस पर 54 फिल्मों की मंजूरी
बिहार अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक खूबसूरती के कारण फिल्म निर्देशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, अब तक राज्य में 54 फिल्मों की शूटिंग को अनुमति दी जा चुकी है.
प्रोड्यूसर, वेंडर और आर्टिस्ट के तौर पर कराना होगा रजिस्ट्रेशन
बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम की वेबसाइट film.bihar.gov.in पर प्रोड्यूसर, वेंडर और आर्टिस्ट के तौर पर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. निगम के अधिकारियों के अनुसार, इस पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस पर रजिस्ट्रेशन कराना बिल्कुल फ्री है. वेबसाइट पर प्रोड्यूसर, वेंडर और आर्टिस्ट के तौर पर प्रोफाइल बनाई जा सकती है.
रजिस्ट्रेशन करते ही यूजर का सोशल मीडिया की तरह एक पेज बन जाता है. फिल्म निर्माता जैसे ही 'आर्टिस्ट' या वेंडर कैटेगरी पर क्लिक करेंगे, उन्हें कलाकारों और वेंडर्स की पूरी डिटेल्स, उनके काम के सैंपल और अनुभव की जानकारी मिल जाएगी. इसके आधार पर निर्माता अपनी पसंद के कलाकारों को सीधे बुक कर सकेंगे. इससे फिल्म निर्माताओं के बेवजह के खर्च और समय दोनों बचेंगे.
एक ही जगह मिलेंगी ये सुविधाएं
नयी व्यवस्था के बाद फिल्म निर्माताओं को अब स्पॉट बॉय से लेकर लीड एक्टर तक के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराने वालों में अभिनेता, थिएटर आर्टिस्ट और सिंगर, वीडियो एडिटर, फोटोग्राफर, सिनेमेटोग्राफर, कैमरामैन, असिस्टेंट और ड्रेस डिजाइनर, लॉजिस्टिक्स और सर्विसेज में स्पॉट बॉय, मेकअप आर्टिस्ट और वेंडर्स शामिल हैं.
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा रोजगार
इस डिजिटल डेटाबेस का सबसे बड़ा फायदा बिहार के स्थानीय हुनर को मिलेगा. अब तक बिहार के प्रतिभाशाली कलाकारों और तकनीशियनों को काम की तलाश में मुंबई या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब घर बैठे ही उन्हें बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा. इस कदम से न सिर्फ बिहार में फिल्म इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये रास्ते भी खुलेंगे.
वर्तमान में बिहार के कई प्रमुख और ऐतिहासिक स्थलों पर फिल्मों की शूटिंग चल रही है. इनमें मुख्य रूप से वाल्मीकिनगर, राजगीर, बांका और रोहतास के अलावा, फिल्म नीति के तहत राज्य में शूटिंग के लिए लगातार नई लोकेशंस और अछूते पर्यटन स्थलों की तलाश की जा रही है, ताकि फिल्मों के जरिए बिहार के पर्यटन को वैश्विक पटल पर लाया जा सके.
Also Read: लालू प्रसाद को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, चारा घोटाला मामले में जमानत रहेगी बरकरार
