Bhagalpur: सदर अस्पताल में बढ़ी प्लेटलेटस की मांग, 'डेंगू के डंक' से हर कोई परेशान

Bhagalpur news: जवाहर लाल नेहरू मेडिकल काॅलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेटस की मांग बढ़ गयी है. यहां से रोजाना एक दर्जन मरीज के परिजनों को प्लेटरेटस उपलब्ध कराया जा रहा है.

भागलपुर: सदर अस्पताल के पैथोलाॅजी सेंटर में सोमवार को डेंगू जांच के लिए किट उपलब्ध हो गया है. इसके साथ ही यहां आने वाले संदिग्ध डेंगू मरीजों को किट से जांच शुरू कर दी गयी है. जिले में सोमवार को दो लोग डेंगू के चपेट में आ गये. मायागंज अस्पताल में दोनों लोग डेंगू जांच कराने आये थे, जिसमें ये पाॅजिटिव पाये गये. इसमें से एक मोजाहिदपुर निवासी 14 साल का किशोर है तो दूसरा खरीक में रहने वाला 19 साल का युवक है. पाॅजिटिव होने के बाद इन दोनों के प्लेटलेटस की जांच के लिए सैंपल लिया गया.

सदर अस्पताल के पैथोलॉजी को मिला 200 किट

सिविल सर्जन डॉ उमेश शर्मा ने बताया कि सदर अस्पताल के पैथोलॉजी सेंटर में दो सौ डेंगू किट उपलब्ध कराया गया है. यहां यह किट स्थानीय स्तर पर खरीदारी कर उपलब्ध कराया गया है. इसके बाद पैथोलॉजी सेंटर पर आने वाले संदिग्ध डेंगू मरीज का जांच शुरू की गयी. दोपहर दो बजे तक जांच में एक भी व्यक्ति डेंगू पाॅजिटिव नहीं मिला.

विक्टोरिया भवन में खुला डेंगू वार्ड

सीएस ने बताया कि डेंगू को देखते हुए सदर अस्पताल के विक्टोरिया भवन में पांच बेड का डेंगू वार्ड शुरू किया गया है.

एमसीएच वार्ड में शिफ्ट होंगे डेंगू मरीज

मायागंज अस्पताल के एमसीएच वार्ड में अब डेंगू मरीज का इलाज होगा. पाॅजिटिव मरीजों को यहां भर्ती कर इलाज किया जायेगा. इस वार्ड में पहले डेंगू मरीजों के लिए 20 बेड तैयार किया गया था. अस्पताल अधीक्षक डॉ असीम कुमार दास ने बताया कि डेंगू के दो मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया है. दो नये व एक पुराने डेंगू मरीज का इलाज एमसीएच वार्ड में चल रहा है.

मायागंज अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेटस की मांग बढ़ी

जवाहर लाल नेहरू मेडिकल काॅलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में प्लेटलेटस की मांग बढ़ गयी है. यहां से रोजाना एक दर्जन मरीज के परिजनों को प्लेटरेटस उपलब्ध कराया जा रहा है. ब्लड बैंक की चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ दिव्या के अनुसार डेंगू फैलने के बाद हम लोगों ने प्लेटलेटस बनाना शुरू कर दिया था. दो से तीन दिन पहले सबसे ज्यादा लगभग 20 लोगों ने प्लेटलेटस लिया था. धीरे-धीरे संख्या कम हो रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >