Kusheshwarsthan News: देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में राष्ट्रीय पर्व हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया. प्रखंड मुख्यालय से लेकर सरकारी कार्यालयों, थाना, स्वास्थ्य केंद्रों और सामाजिक संस्थानों तक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. हालांकि, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान थाना परिसर में मूसलाधार बारिश के बीच हुआ ध्वजारोहण लोगों के लिए खास आकर्षण रहा. बारिश में भी थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने भीगते हुए पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया.
बारिश में भी नहीं डगमगाया हौसला
थाना परिसर में झंडोत्तोलन के समय अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गयी. इसके बावजूद समारोह नहीं रोका गया. थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद बारिश में भीगते हुए तिरंगे के पास डटे रहे और पूरे सम्मान के साथ ध्वजारोहण किया. उनके साथ नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गोपाल कुमार और दर्जनों पुलिसकर्मियों ने भी बारिश की परवाह किए बिना तिरंगे को सलामी दी.
थानाध्यक्ष ने कहा कि देश की सेवा और सुरक्षा के लिए मौसम कोई मायने नहीं रखता. तिरंगे का सम्मान सर्वोपरि है. बारिश के बीच पुलिसकर्मियों के इस जज्बे को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में भी उत्साह देखने को मिला.
प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख ने फहराया तिरंगा
प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रखंड प्रमुख अंजनी भारती ने आन-बान और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इसके बाद मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर शहीदों को नमन किया.
मौके पर बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा, सीओ राकेश रौशन भारती, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, उप प्रमुख कुमारी अन्नू सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा ने कहा कि 80वां स्वतंत्रता दिवस सभी के लिए गर्व का क्षण है. सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
सीओ राकेश रौशन भारती ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने का संकल्प दोहराया.
स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी दिया जोर
बीआरसी भवन में बीईओ प्रिंस झा ने ध्वजारोहण किया, जबकि सीएचसी परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शोहराब ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. जीविका कार्यालय में बीपीएम अन्नू कुमारी ने झंडोत्तोलन किया.
सीएचसी प्रभारी डॉ. शोहराब ने कहा कि स्वस्थ भारत ही सशक्त भारत है. स्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. वहीं बीईओ प्रिंस झा ने कहा कि बच्चों में देशभक्ति और संस्कार विकसित करना शिक्षा के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है.
विभिन्न कार्यालयों में भी हुआ झंडोत्तोलन
जदयू कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार राय, नगर भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष राखी आनंद और नगर पंचायत कार्यालय में उप मुख्य पार्षद सुजीत कुमार पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया.
बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम से बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह भर दिया. कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की.
