नियमित माध्यम से तीन नये कोर्स शुरू करेगा मिथिला विश्वविद्यालय का दूरस्थ शिक्षा निदेशालय

बैठक में एमए एडुकेशन, एमएड एवं समेकित शिक्षक शिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया.

दरभंगा. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के सलाहकार समिति की बैठक में एमए एडुकेशन, एमएड एवं समेकित शिक्षक शिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया गया. बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि करते हुए अनुपालन प्रतिवेदन स्वीकृत किया गया. निदेशक प्रो. हरेकृष्ण सिंह ने बताया कि निदेशालय की सलाहकार समिति की 103वीं बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न निकायों से पूर्व में स्वीकृत पाठ्यक्रमों में से एमए एडुकेशन, एमएड तथा समेकित शिक्षक शिक्षण कार्यक्रम को नियमित माध्यम से शुरू करने पर सहमति बनी. स्ववित्तपोषित योजना के तहत इन पाठ्यक्रमों का संचालन होगा. इसके लिए राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद से अनुमति प्राप्त करने की पहल की जायेगी. बैठक में निदेशालय के वित्तीय वर्ष 2024-2025 की बजट की घटनोत्तर स्वीकृति दी गयी. साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-2026 की बजट की अनुशंसा की गयी. निदेशक प्रो. सिंह ने बताया कि कुलपति ने निदेशालय के कामकाज की विस्तृत जानकारी ली. सर्वर को शीघ्र चालू करने तथा परीक्षा संबंधी कार्य यथा परीक्षा संचालन, प्रमाण-पत्र वितरण आदि को छात्र सुलभ व पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया. सत्रांत परीक्षा दिसम्बर 2023 में मदवार व्यय होने वाली राशि का अनुमोदन करते हुए निदेशालय की सलाहकार समिति के पुनर्गठन का निर्णय लिया गया. सलाहकार समिति में सभी संकायाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, निदेशक आइक्यूएसी को शामिल करने का निर्णय लिया गया. निदेशालय के परीक्षा संबंधी कार्यों के पारिश्रमिक का भुगतान विश्वविद्यालय के निर्धारित दर पर किये जाने का निर्णय लिया गया. कार्यावधि के बाद काम करने वाले कर्मियों को विश्वविद्यालय की तरह अल्पाहार दिये जाने पर सहमति बनी. निदेशक ने बताया कि दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के अधीन संचालित बीएड नियमित में संविदा पर नियुक्त शिक्षकों का सेवा विस्तार शैक्षणिक सत्र 2024-2025 तक करने का भी निर्णय लिया गया. कुलपति प्रो. चौधरी ने दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के अधीन संचालित कार्यक्रमों में नामांकन समेत अन्य मुद्दों पर विचार के लिए शीघ्र बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. बैठक में कुलसचिव एवं आइक्यूएसी के निदेशक भी शामिल होंगे. बैठक कुलपति की अध्यक्षता में हाेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >