Darbhanga Jale News: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का पावन पर्व रक्षाबंधन अपार श्रद्धा, प्रेम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर बहनों ने परंपरा के अनुसार अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की ईश्वर से कामना की.
Raksha Bandhan Celebration: भाइयों ने लिया बहनों की रक्षा का संकल्प
राखी बांधने के क्रम में भाइयों ने भी अपनी बहनों को सुंदर-सुंदर उपहार भेंट किए. इसके साथ ही भाइयों ने हर सुख-दुख में बहनों का साथ देने और जीवनभर उनकी रक्षा करने का पावन संकल्प लिया. इस दौरान बहनों ने भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और मुंह मीठा कराकर पर्व की खुशियां साझा कीं.
बाजारों में रही भारी चहल-पहल और रौनक
रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही स्थानीय बाजारों में जबरदस्त चहल-पहल देखी गई. राखी, तरह-तरह की मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रही. उमस भरी गर्मी के बावजूद त्योहार को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई.
बच्चों और युवाओं में दिखा खास उत्साह
घरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा. बच्चों और युवाओं में इस त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. दूर-दराज से बहनों का आगमन और भाइयों का घर पहुंचना दिनभर जारी रहा. पूरे जाले प्रखंड क्षेत्र में दिनभर खुशी, उमंग और आत्मीयता का माहौल बना रहा.
