दरभंगा से संतोष कुमार मंडल की रिपोर्ट
Darbhanga News: तारडीह प्रखंड के महिया गांव में नवनिर्मित बिजली उपकेंद्र का उद्घाटन 14 जून को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इसी अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ग्रामीण बीपीएल परिवारों के घरों में लगाए गए सोलर पैनलों का भी उद्घाटन किया जाएगा.
सूत्रों के अनुसार उद्घाटन कार्यक्रम पटना से वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया जाएगा. इसके लिए जिला प्रशासन और बिजली विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.
बिजली आपूर्ति में होगा सुधार
महिया बिजली उपकेंद्र के चालू होने से तारडीह प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. वर्तमान में इन इलाकों को दूरस्थ ग्रिड से बिजली आपूर्ति की जाती है, जिसके कारण लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है.
नए उपकेंद्र के शुरू होने से वोल्टेज की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत बेहतर एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी.
20 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
बिजली विभाग के अनुसार महिया उपकेंद्र से क्षेत्र की करीब 20 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा. इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों, छोटे व्यवसायियों और अन्य उपभोक्ताओं को भी सुविधा होगी.
सौर ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत चयनित ग्रामीण बीपीएल परिवारों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाए गए हैं. योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और बिजली खर्च में कमी लाना है. अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहन मिलेगा और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा.
प्रशासन ने शुरू की तैयारी
उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं. कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.
