दरभंगा से विनोद कुमार वर्णवाल की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड में पुरानी कमला नदी पर बन रहा पुल 18 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है. इसका खामियाजा बथई, लगमा समेत आसपास के गांवों के लोगों को रोज भुगतना पड़ रहा है. सड़क संपर्क टूटने से लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है. अब गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बथई घाट स्थित प्रसिद्ध प्रतीक वृंदावन धाम में लगने वाले मेले को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. हर साल यहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार अधूरे पुल के कारण उनकी आवाजाही मुश्किल हो सकती है.
2007 में शुरू हुआ था पुल निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार पुरानी कमला नदी पर पुल निर्माण का कार्य वर्ष 2007 में शुरू हुआ था. उम्मीद थी कि पुल बनने के बाद बथई घाट और लगमा पंचायत के लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा. लेकिन करीब 18 साल गुजर जाने के बाद भी पुल अधूरा पड़ा है. इससे क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है.
प्रखंड और अंचल कार्यालय तक पहुंचना भी बना मुश्किल
अधूरे पुल की वजह से बथई और लगमा के लोगों का तारडीह प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से सीधा सड़क संपर्क टूट गया है. ग्रामीणों को सरकारी कामकाज के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है या फिर जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती है.
गुरु पूर्णिमा मेले को लेकर बढ़ी चिंता
बथई घाट स्थित प्रतीक वृंदावन धाम धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें हजारों लोग शामिल होते हैं. ऐसे में पुल अधूरा रहने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन को लेकर स्थानीय लोग चिंतित हैं.
क्या बोले स्थानीय लोग?
लगमा पंचायत के मुखिया रामाश्रय चौधरी ने बताया कि पथ निर्माण विभाग की ओर से वर्ष 2007 से पुल निर्माण शुरू कराया गया था, लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया जा सका. इसके कारण बथई घाट समेत कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित है.
स्थानीय निवासी शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि पुल अधूरा रहने से बथई-लगमा के लोगों को प्रखंड और अंचल कार्यालय तक पहुंचने में भारी परेशानी हो रही है.
वहीं बथई घाट निवासी पवन शांडिल्य ने बताया कि प्रतीक वृंदावन धाम में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु आते हैं. गुरु पूर्णिमा मेले में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना रहती है, ऐसे में पुल का अधूरा रहना बड़ी चिंता का विषय बन गया है.
यह भी पढे़ं: दरभंगा में डीएलएड प्रथम और द्वितीय खंड की परीक्षा आज से शुरू, दो केंद्रों पर 2176 परीक्षार्थी
