जाले, दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Darbhanga News: प्रखंड क्षेत्र के गररी स्थित मध्य विद्यालय बंधौली और जोगियारा पंचायत के श्रीरामजी प्रिया उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. डीडीसी स्वप्निल के नेतृत्व में आयोजित शिविर में लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.
बंधौली शिविर में स्वास्थ्य जांच को लेकर दिखी रुचि
बंधौली शिविर में स्वास्थ्य जांच के लिए सर्वाधिक 95 लोग पहुंचे. राजस्व विभाग से संबंधित चार आवेदनों में तीन का निपटारा किया गया. विद्युत विभाग के सात मामलों में चार का समाधान हुआ, जबकि मनरेगा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े सात-सात मामलों का भी मौके पर निष्पादन किया गया.
खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग से संबंधित एक दर्जन आवेदनों में नौ लाभुकों को तत्काल राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया. ग्रामीणों ने हर घर नल-जल योजना ठप रहने के कारण पेयजल संकट की शिकायत भी दर्ज कराई.
जोगियारा शिविर में 90 आवेदन प्राप्त
जोगियारा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 15 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया. शिविर में सात लोगों का आधार कार्ड बनाया गया, चार लाभुकों को राशन कार्ड और चार लोगों को शौचालय निर्माण की राशि उपलब्ध कराई गई.
विधायक ने कम उपस्थिति पर जताई चिंता
शिविर में पहुंचे स्थानीय विधायक जीवेश कुमार ने लोगों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग शिविर को अधिक प्रभावी बनाने की अपील की. विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार गरीबों और जरूरतमंदों के कार्य 30 दिनों के भीतर पूरे किए जाने हैं.
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
सीओ वत्सांक ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा और उनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा. जोगियारा शिविर में घोरपरास समस्या से संबंधित 32 ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन ने विशेष रूप से अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया.
