Darbhanga News: प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में शनिवार को भाजपा विधायक सुजीत कुमार की अध्यक्षता में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही खामियों को प्रमुखता से उठाया, जिस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी.
योजनाओं के क्रियान्वयन पर उठे सवाल
बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि कई सरकारी योजनाएं केवल कागजों तक सीमित हैं. लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है और सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को अनावश्यक रूप से दौड़ाया जा रहा है. पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की शिकायतें भी सामने आईं.
अधिकारियों को विधायक की दो टूक
शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए विधायक सुजीत कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा, "या तो आप सुधर जाइए या यहां से चले जाइए." उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी सरकार की जनहितैषी योजनाओं और आम जनता के बीच बाधक बनेगा तो उसे यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है.
लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का निर्देश
विधायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देने को कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने आवास, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, नल-जल योजना सहित लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि सरकार की मंशा हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
फील्ड विजिट कर जमीनी स्थिति जांचने पर जोर
बैठक में समय-समय पर फील्ड विजिट कर योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया. इस अवसर पर प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.
