Darbhanga: पहली बारिश में डूबा घनश्यामपुर, नगर प्रशासन पर भ्रष्टाचार के आरोप

घनश्यामपुर नगर पंचायत में पहली तेज बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी. सड़कें तालाब बन गईं, लोग घुटने भर पानी में चलने को मजबूर हुए और अब सफाई के नाम पर लाखों रुपये की बंदरबांट के आरोप लग रहे हैं. आखिर क्या है पूरा मामला और क्यों भड़के ग्रामीण, जानें विस्तार से…

Darbhanaga News: घनश्यामपुर नगर पंचायत में गुरुवार की पहली तेज बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी. बारिश के बाद नगर क्षेत्र के कई वार्डों की सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सबसे ज्यादा समस्या वार्ड नंबर 02 स्थित मध्य विद्यालय पाली और दुर्गा मंदिर के पास देखने को मिली, जहां मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया. जलजमाव के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों की आवाजाही प्रभावित रही.

सफाई के नाम पर लाखों खर्च का आरोप

स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2022 से नियमित होल्डिंग टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं अब तक नहीं मिल रही हैं.

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि साफ-सफाई के नाम पर हर महीने करीब 17 लाख रुपये सफाई एजेंसी को दिए जा रहे हैं, जबकि जमीन पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है.

लोगों ने बताया कि कचरे का नियमित उठाव नहीं होता और नियमों के विरुद्ध सड़क किनारे ही कूड़ा डंप किया जा रहा है.

प्रधानमंत्री आवास योजना में भी गड़बड़ी के आरोप

स्थानीय ग्रामीण रंजीत यादव, रमेश कुमार रॉय और जय कृष्ण पासवान समेत कई लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मिलीभगत से अनियमितताएं हो रही हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि कचरा निस्तारण के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध होने के बावजूद निजी लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए अलग व्यवस्था की गई.

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है. लोगों का दावा है कि पक्के मकान वालों को योजना का लाभ मिला, जबकि कई गरीब परिवार अब भी वंचित हैं.

कार्यालय से नदारद रहने का आरोप

ग्रामीणों ने कार्यपालक पदाधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अधिकारी अक्सर कार्यालय से अनुपस्थित रहती हैं, जिससे आम लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता.

प्रशासन ने दिया आश्वासन

मामले पर कार्यपालक पदाधिकारी संजू कुमारी ने कहा कि पंप सेट के जरिए जलजमाव वाले इलाकों से पानी निकाला जाएगा.

उन्होंने आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायतों की जांच कराने और गलत लाभुकों से राशि वसूली की बात भी कही.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई नहीं की गई, तो नगर पंचायत कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा.

दरभंगा के घनश्यामपुर से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >