Darbhanga News: हनुमाननगर प्रखंड के लिए राहत भरी खबर है. ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा चयनित प्लस टू उच्च विद्यालय कोल्हंटा पटोरी के अस्थाई भवन में इसी शैक्षणिक सत्र से पठन-पाठन का संचालन प्रारंभ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है. एमके कॉलेज लहेरियासराय के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रहमतुल्लाह ने प्रभारी प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है.
बिना प्रयोगशाला वाले विषयों में होगा नामांकन
पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. रहमतुल्लाह ने बताया कि प्रारंभिक चरण में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे बिना प्रयोगशाला वाले विषयों की पढ़ाई शुरू होगी. नामांकन के लिए 12वीं पास छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर इस कॉलेज को अपनी वरीयता सूची में रख सकते हैं. कॉलेज के संचालन के लिए 6 विषयों के कुल 12 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही नियमित वर्ग संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
गणमान्य लोगों ने किया स्वागत, अपने भवन के बाद बढ़ेंगे विषय
प्रभारी प्राचार्य का स्वागत स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार बंसी, सरपंच प्रतिनिधि राधेश कुमार और जदयू नेता डॉ. विनय कुमार चौधरी ने पाग, चादर व माला पहनाकर किया. प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि जैसे ही कॉलेज का अपना निजी भवन और परिसर तैयार हो जाएगा, सभी विषयों की पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी. इस पहल से स्थानीय छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना होगा.
दरभंगा के हनुमाननगर से रणविजय सांडिल्य की की रिपोर्ट
