घनश्यामपुर दरभंगा से संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट
घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गलमा गांव में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने घर की दीवार काटकर करीब 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
देर रात घर में घुसे चोर
पीड़ित फुलकांत ठाकुर ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि रविवार रात वह अपने दरवाजे पर सोए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी घर के बरामदे में सो रही थीं.
सोमवार सुबह जब उनकी पत्नी घर खोलने पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. इसके बाद बाहर जाकर देखने पर घर की मिट्टी और ईंट से बनी दीवार टूटी हुई मिली.
जेवर, लैपटॉप और कैमरा ले उड़े बदमाश
घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था. चोर घर से जेवरात, लैपटॉप, वीडियो कैमरा, हैलोजन लाइट, कपड़े, बर्तन, पेनड्राइव समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए.
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पीड़ित ने घनश्यामपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.
