Darbhanga Police Suspension: बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित खराजपुर में मोबाइल बरामदगी के दौरान हुए विवाद और हंगामे के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. कर्तव्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में जिला सूचना इकाई के सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) इंद्रदेव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
थाने को नहीं दी गई थी बरामदगी की सूचना
वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने बताया कि जिला सूचना इकाई के जवान इंद्रदेव कुमार ने मोबाइल तो बरामद किया था, लेकिन इसकी आधिकारिक सूचना संबंधित थानाध्यक्ष को नहीं दी थी. नियमों के अनुसार बरामदगी की जानकारी थाने को न देना गंभीर लापरवाही है. इसी आधार पर यह निलंबन की कार्रवाई की गई है.
फायरिंग के आरोपों और सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. मामले के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- मृतक के परिजनों ने पुलिस पर फायरिंग का आरोप लगाया है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है.
- अब तक प्राप्त किसी भी सीसीटीवी फुटेज में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है.
- फुटेज में कुछ हथियार दिखे हैं, जो पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद मौके पर पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों के हैं.
- परिजनों के अनुसार बरामद मोबाइल कारी सहनी नामक व्यक्ति से मिला था, पुलिस इस दावे की भी कड़ियों को जोड़ रही है.
जिले में अब तक 338 मोबाइल बरामद
एसएसपी ने जानकारी दी कि इस वर्ष जिले में चोरी और गुम हुए कुल 338 मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं. पुलिस टीम जब खराजपुर पहुंची, तभी दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बरामदगी की प्रक्रिया और गवाहों के बयानों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: दरभंगा एयरपोर्ट पर जुलाई में 53 हजार से अधिक यात्रियों ने किया हवाई सफर,91 प्रतिशत सीटों पर हुई बुकिंग
