दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के वाजितपुर चौक-किलाघाट स्थित सीएम आर्ट्स कॉलेज लॉज के समीप पोखर में डूबने से मंगलवार को 12 वर्षीय छात्र पियूष कुमार साहा की मौत हो गयी. मृतक वार्ड संख्या-23 निवासी श्रवण साहा का पुत्र था. पियूष पांचवीं कक्षा में पढ़ता था.
दो घंटे बाद परिजनों को मिली हादसे की सूचना
चाचा गुड्डू साह ने बताया कि घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे की है. हादसे की जानकारी परिजनों को करीब चार बजे फोन के माध्यम से मिली. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पियूष के माता-पिता हैदराबाद के सिकंदराबाद में काम करते हैं. वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था. हादसे की सूचना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
घटना की जानकारी मिलते ही लहेरियासराय थाना और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. नगर थाना पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की है.
घटना के कारणों की जांच कर रही पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, पियूष पोखर के समीप गया था, जहां डूबने से उसकी मौत हो गयी. हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है. हादसे के बाद आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.
यह भी पढ़ें
LNMU Graduation Exam: छठी सेमेस्टर की परीक्षा टालने की मांग, NSUI ने वीसी को सौंपा आवेदन
