दरभंगा के शिक्षकों पर SCERT सख्त, प्रशिक्षण से बिना अनुमति गैरहाजिर हुए तो होगी कार्रवाई

SCERT ने सेवाकालीन प्रशिक्षण में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. अपरिहार्य कारण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों को पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी. बिना अनुमति गैरहाजिर रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

दरभंगा न्यूज: सेवाकालीन प्रशिक्षण में शिक्षकों की गैरहाजिरी को लेकर राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) ने सख्ती दिखाई है. परिषद ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) को प्रशिक्षण में शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है. बिना अनुमति प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ई-शिक्षाकोष पोर्टल से टैग हो रहे शिक्षक

SCERT निदेशक यतेंद्र कुमार पाल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास पर जोर दिया जा रहा है. इसी उद्देश्य से ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से शिक्षकों को सेवाकालीन प्रशिक्षण के लिए टैग किया जा रहा है.

इसके बावजूद कई शिक्षक प्रशिक्षण में योगदान नहीं कर रहे हैं. परिषद ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.

पहले भी कार्रवाई का दिया गया था निर्देश

पत्र में कहा गया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के संबंध में पहले भी कार्रवाई करने और इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था. लेकिन अपेक्षित सूचना या कार्रवाई प्रतिवेदन विभाग को उपलब्ध नहीं कराया गया.

अब SCERT ने अधिकारियों को इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा है. सभी शिक्षकों की प्रशिक्षण में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दी गयी है.

बिना अनुमति छुट्टी तो होगी कार्रवाई

बच्चों से भरा क्लास, शिक्षक गायब (AI जेनरेटेड)

SCERT ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई शिक्षक किसी अपरिहार्य कारण से प्रशिक्षण में शामिल नहीं हो सकता है, तो उसे संबंधित सक्षम पदाधिकारी से पहले अनुमति लेनी होगी. बिना पूर्व अनुमति प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

इस निर्देश के बाद प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनुपस्थिति को लेकर शिक्षा विभाग की निगरानी और सख्त होने की उम्मीद है.

शिक्षकों के व्यावसायिक विकास पर जोर

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शिक्षकों को लगातार प्रशिक्षण देकर उनकी शिक्षण क्षमता और व्यावसायिक दक्षता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है. इसी क्रम में सेवाकालीन प्रशिक्षण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

SCERT ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और प्रशिक्षण से जुड़ी उपस्थिति एवं कार्रवाई की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने को कहा है.

यह भी पढे़ं: दरभंगा में स्वतंत्रता दिवस की धूम: नेहरू स्टेडियम में सुबह 9:05 बजे मंत्री फहराएंगे तिरंगा, देखें पूरा शेड्यूल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Minu gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >