दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
darbhanga power crisis: जाले प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में पिछले दो दिनों से गंभीर बिजली संकट गहराया हुआ है. सिंघवाड़ा के सनहपुर पावर सब स्टेशन की बदहाल व्यवस्था के कारण रतनपुर, ब्रह्मपुर पूर्वी, ब्रह्मपुर पश्चिमी, कछुआ, राढ़ी दक्षिणी, राढ़ी पश्चिमी और राढ़ी उत्तरी के इलाकों में बिजली गुल है. भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गायब रहने से स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है. सनहपुर सब स्टेशन की इस लचर कार्यप्रणाली को लेकर अब ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
छतों और सड़कों पर दो दिनों से कट रही रात
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मुहर्रम के मौके पर 26 जून को दोपहर दो बजे से शाम आठ बजे तक ही बिजली कटौती की आधिकारिक सूचना दी गई थी. इसके उलट सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक बिजली गायब रही. इसके अगले दिन यानी 27 जून की रात करीब एक बजे से आपूर्ति दोबारा पूरी तरह ठप हो गई. भीषण गर्मी में लगातार बिजली गुल रहने की वजह से लोग पूरी रात सो नहीं सके. छोटे बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल रहा और लोगों ने छतों व सड़कों पर टहलकर जागते हुए रात बिताई.
फोन नहीं उठाते सब स्टेशन के कर्मी
उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली संकट की स्थिति में जब वे सनहपुर पावर सब स्टेशन के दूरभाष नंबर पर संपर्क करने की कोशिश करते हैं, तो वहां तैनात कर्मी फोन तक नहीं उठाते हैं. इस लापरवाही से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है. विभागीय अधिकारियों के इस रवैये से लोगों में आक्रोश पनप रहा है.
जेई ने दिया जल्द बहाली का आश्वासन
मामले को लेकर पूछे जाने पर जाले के विद्युत कनीय अभियंता (जेई) कुमार गौरव ने बताया कि 33 केवी संचरण लाइन में अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है. उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम लगातार पेट्रोलिंग कर मरम्मत कार्य में जुटी है और जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
