Darbhanga News: दरभंगा में आंधी-तूफान का तांडव, कुशेश्वरस्थान प्रखंड मुख्यालय पर गिरा टावर, सरकारी इंटरनेट सेवा पूरी तरह ठप

Darbhanga News:दरभंगा के कुशेश्वरस्थान पूर्वी में चक्रवाती आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है. प्रखंड मुख्यालय पर बिसवान टावर गिरने से सरकारी संचार सेवा ठप हो गई है, वहीं पेड़ और बिजली पोल गिरने से यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित है.पढे़ं पूरी खबर…

Darbhanga News:दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में गुरुवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. क्षेत्र में आई तेज चक्रवाती आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा के कारण कुशेश्वरस्थान क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. आंधी की रफ्तार इतनी भयावह थी कि जगह-जगह विशाल पेड़ जड़ से उखड़ गए और बिजली के पोल धराशायी हो गए.

प्रखंड मुख्यालय पर गिरा टावर, संचार व्यवस्था ठप

इस आपदा में सबसे बड़ा नुकसान प्रखंड क्षेत्र के केवट गामा और भरडीहा सहित कई गांवों में हुआ है. वहीं प्रखंड मुख्यालय परिसर में लगा बिसवान टावर तेज हवाओं के दबाव को झेल नहीं सका और भरभराकर प्रखंड भवन पर ही गिर गया. टावर गिरने से प्रखंड कार्यालय का इंटरनेट और सरकारी संचार संपर्क पूरी तरह से टूट गया है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आंधी इतनी खतरनाक थी कि महज कुछ ही मिनटों में सब कुछ तहस-नहस हो गया.

यातायात बाधित और भारी बिजली संकट

आंधी-तूफान का सबसे ज्यादा असर सड़क यातायात और बिजली व्यवस्था पर पड़ा है. मुख्य सड़कों से लेकर ग्रामीण रास्तों पर दर्जनों पेड़ और भारी टहनियां टूटकर गिर गईं, जिससे कई जगहों पर घंटों आवागमन बाधित रहा. वहीं, दर्जनों जगहों पर बिजली के तार टूट गए और पोल उखड़ गए. सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई है, जिससे इलाके में ब्लैकआउट की स्थिति है.

प्रशासन और बिजली विभाग अलर्ट, युद्धस्तर पर काम शुरू

घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा खुद बाइक से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकल पड़े. बीडीओ ने बताया कि बिसवान टावर गिरने की रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जा रही है ताकि संचार व्यवस्था जल्द बहाल हो सके. दूसरी ओर, बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) सर्वजीत चौधरी ने बताया कि पेट्रोलिंग टीम को फील्ड में उतार दिया गया है. क्षतिग्रस्त पोल और तारों को चिह्नित कर युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है.

कुशेश्वरस्थान पूर्वी ( दरभंगा ) से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट …

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >