कुशेश्वरस्थान पूर्वी से संतोष पोद्दार की रिपोर्ट
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र के पारो गांव के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्रियों से भरा टेम्पू पलट गया. हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने टेम्पू में जोरदार टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में टेम्पू पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से तीन महिलाओं की स्थिति काफी चिंताजनक बताई जा रही है.
टक्कर के बाद मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेम्पू यात्रियों को लेकर सुपौल की ओर जा रहा था. जैसे ही वाहन पारो गांव के मुख्य मार्ग के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सीधे टेम्पू में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पू अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मचगई.
ग्रामीणों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पलटे हुए टेम्पू के नीचे दबे सभी घायलों को बाहर निकाला. ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका आपातकालीन उपचार चल रहा है.
तीन महिलाओं की हालत गंभीर
घायलों में तीन महिलाओं की पहचान कुशेश्वरस्थान बाजार निवासी दिनेश साह की पत्नी शोनी देवी, भलुका निवासी मो. अख्तर की पत्नी शायरा खातून तथा मो. कबीर की पत्नी कोरैशा खातून के रूप में हुई है. चिकित्सकों के अनुसार इन तीनों महिलाओं को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं. अन्य दो घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.चालक फरार,
जांच में जुटी पुलिस: ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं था. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है
