दरभंगा से सूरज कुमार की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के कराटे कोच मुकेश मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार का नाम रोशन किया है. फिलीपींस के मनीला में आयोजित कराटे वन यूथ लीग 2026 में उन्होंने भारतीय टीम के कोच के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया. खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित मंच पर भारतीय टीम के साथ बतौर कोच जुड़ने वाले वह बिहार के पहले कोच बन गए हैं.
फिलीपींस में भारतीय टीम के साथ निभाई अहम भूमिका
विश्व कराटे महासंघ के तत्वावधान में 14 से 17 मई तक मनीला में आयोजित कराटे वन यूथ लीग 2026 में मुकेश मिश्रा ने भारतीय टीम के कोच की जिम्मेदारी संभाली. उनके इस चयन से दरभंगा सहित पूरे बिहार में खुशी का माहौल है.
अब देहरादून में संभालेंगे बिहार टीम की कमान
मुकेश मिश्रा अब 3 से 7 जून तक देहरादून में आयोजित होने वाली 5वीं केआईओ राष्ट्रीय सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता 2026 में बिहार टीम के कोच की भूमिका निभाएंगे. इससे पहले भी वे दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-21 एवं सीनियर कराटे प्रतियोगिता में बिहार टीम का नेतृत्व कर चुके हैं.
खिलाड़ियों को लगातार दिला रहे सफलता
दरभंगा निवासी मुकेश मिश्रा लंबे समय से जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं. उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं और बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं.
ये खिलाड़ी करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व
देहरादून में होने वाली प्रतियोगिता में मुकेश मिश्रा के प्रशिक्षित खिलाड़ी मोहित कुमार, प्रिंस कुमार, युवराज आदर्श और प्रेयांश बिहार की ओर से हिस्सा लेंगे. इनमें युवराज आदर्श और प्रेयांश पिछले साल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीत चुके हैं.
खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
कराटे एसोसिएशन ऑफ दरभंगा के अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि चयनित खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. वहीं जिला खेल पदाधिकारी परिमल ने उम्मीद जताई कि इस बार भी दरभंगा के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करेंगे.
