Darbhanga News: एयरपोर्ट का नया कीर्तिमान: 6 महीने बाद टूटा रिकॉर्ड, एक दिन में 2900 के पार पहुंचे यात्री

Darbhanga News: एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या ने छह माह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. रविवार को 18 उड़ानों के माध्यम से 2993 यात्रियों ने सफर किया. शादी के सीजन और छुट्टियों के कारण दिल्ली-मुंबई की फ्लाइटें फुल चल रही हैं. पढें पूरी खबर…

Darbhanga News: मिथिलांचल की लाइफलाइन बन चुके दरभंगा एयरपोर्ट ने यात्री संख्या के मामले में एक बार फिर नया रिकॉर्ड बनाया है. रविवार को इस हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले लोगों का आंकड़ा 2900 के पार पहुंच गया. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रविवार को कुल 18 विमानों के जरिए रिकॉर्ड 2993 यात्रियों ने देश के विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरी. पिछले छह महीनों में किसी एक दिन में दर्ज की गई यह सबसे बड़ी संख्या है.

शादी-ब्याह और छुट्टियों ने बढ़ाई भीड़

वर्तमान में गर्मी की छुट्टियां और शादी-विवाह का सीजन होने के कारण यात्रियों की भीड़ में जबरदस्त इजाफा देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में लोग छुट्टियों में घर लौट रहे हैं या वापस काम पर जा रहे हैं. इससे पहले 25 अक्टूबर को दरभंगा एयरपोर्ट पर सर्वाधिक 3335 यात्रियों की आवाजाही हुई थी, जब 20 फ्लाइटों का परिचालन हुआ था.

फुल होकर उड़ान भर रही हैं फ्लाइटें

एयरपोर्ट सूत्रों की मानें तो दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों के लिए बुकिंग काफी पहले से फुल चल रही है. अधिकांश विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ उड़ान भर रहे हैं. यात्रियों की यह बढ़ती संख्या मिथिलांचल के लोगों के बीच हवाई यात्रा की बढ़ती लोकप्रियता और मांग को साफ दर्शाती है.

सीमित संसाधनों में बड़ी कामयाबी

सीमित बुनियादी ढांचों और संसाधनों के बावजूद दरभंगा एयरपोर्ट का प्रदर्शन लगातार बेहतर बना हुआ है. यात्रियों की आवाजाही में निरंतर वृद्धि से अब भविष्य में नई उड़ानों की शुरुआत और एयरपोर्ट पर सुविधाओं के विस्तार की उम्मीदें और भी प्रबल हो गई हैं.

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >