दरभंगा: जिले की प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और भविष्य में छह लेन सड़क परियोजनाओं के अनुरूप टोल व्यवस्था विकसित करने की दिशा में पहल शुरू हो गयी है. बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से जिले में चार स्थानों पर छह लेन टोल प्लाजा के निर्माण के लिए ई-टेंडर जारी किया गया है. चारों कार्यों की अनुमानित लागत करीब 37.71 करोड़ रुपये है. प्रत्येक कार्य को पूरा करने के लिए तीन महीने की अवधि निर्धारित की गयी है.
हथौड़ी घाट के पास बनेगा टोल प्लाजा
टेंडर के अनुसार दरभंगा-रुसेरा मार्ग पर हथौड़ी घाट के समीप करेह नदी पर बने दो लेन वाले पुल के पास छह लेन टोल प्लाजा का निर्माण प्रस्तावित है. इस कार्य की अनुमानित लागत 9.0993 करोड़ रुपये है.
टोल प्लाजा बनने से दरभंगा और रोसेरा की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भविष्य में व्यवस्थित टोल संचालन की आधारभूत संरचना तैयार होगी.
अरई नदी के पास भी बनेगा टोल प्लाजा
दूसरा टोल प्लाजा बिशनपुर-अतरवेल रोड पर एचएल आरसीसी पुल के समीप अरई नदी के पास बनाया जाएगा. इसकी अनुमानित लागत 9.17626 करोड़ रुपये निर्धारित की गयी है.
यह इलाका आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़क व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है. टोल प्लाजा के निर्माण से इस मार्ग पर सड़क यातायात के लिए निर्धारित व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी.
कमला बलान नदी के पास भी निर्माण
तीसरा टोल प्लाजा घनश्यामपुर-रैयासरी रोड पर कमला बलान नदी के ऊपर बने एचएल आरसीसी पुल के पास प्रस्तावित है. इसकी अनुमानित लागत 9.2583 करोड़ रुपये है.
इस क्षेत्र में टोल प्लाजा की आधारभूत संरचना बनने से भविष्य में सड़क का उपयोग करने वाले वाहनों के लिए टोल संचालन की व्यवस्था की जा सकेगी.
झंझारपुर रोड पर भी छह लेन टोल प्लाजा
चौथा टोल प्लाजा बलिया ककोढ़ा, देवना, राजखरवार होते हुए झंझारपुर रोड के 18वें किलोमीटर के समीप एचएल आरसीसी पुल के पास बनाया जाएगा. इसके निर्माण की अनुमानित लागत 9.2745 करोड़ रुपये रखी गयी है.
यह मार्ग दरभंगा जिले को झंझारपुर और आसपास के क्षेत्रों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
चार योजनाओं पर 37.71 करोड़ से अधिक खर्च
टेंडर में दर्ज राशि के अनुसार चारों टोल प्लाजा के निर्माण पर कुल करीब 37.71 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रत्येक योजना के लिए ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से 10 हजार रुपये का दस्तावेज शुल्क निर्धारित किया गया है. वहीं, कार्य के अनुसार करीब 18.20 लाख से 18.55 लाख रुपये तक अग्रधन राशि रखी गयी है.
तीन महीने में पूरा करना है निर्माण कार्य
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरिष्ठ परियोजना अभियंता कार्यालय, दरभंगा कार्य प्रमंडल की ओर से आगामी 16 सितंबर को जारी शॉर्ट नोटिस में ई-टेंडर आमंत्रित किया गया है. निविदा प्रक्रिया एसबीडी आधारित ई-निविदा के माध्यम से होगी.
टेंडर के अनुसार चारों कार्यों को पूरा करने की निर्माण अवधि तीन महीने निर्धारित की गयी है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा में बच्चों में एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल पर कार्यशाला, चार जिलों से पहुंचे 68 चिकित्सक
