बहादुरपुर हत्याकांड में बड़ा खुलासा, दो FIR दर्ज, पुलिस की छापेमारी जारी

Darbhanga Crime News: बहादुरपुर के ओक्षौल हत्याकांड में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है. युवक की हत्या और एएसआई को गोली लगने के मामले में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. घायल एएसआई की हालत में सुधार बताया गया है, जबकि गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

Darbhanga Crime News: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओक्षौल गांव के इमामबाड़ी मोहल्ला में युवक की पीट-पीटकर हत्या और गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही है. मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. वहीं गोली लगने से घायल एएसआई मो. मोबिन का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है.

मृतक के पिता ने नौ नामजद समेत अन्य पर दर्ज कराया केस

मृतक सुनील सहनी के पिता दिलीप सहनी के फर्द बयान पर दर्ज प्राथमिकी में गांव के सोहन सहनी, मोहन सहनी, कन्हाई पासवान, राहुल सहनी, एएसआई मो. मोबिन, राजकिशोर सहनी, मोहम्मद गुलाम के बड़े पुत्र, नूरजहां के दो पुत्र समेत कुल नौ नामजद और पांच अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुराने विवाद को लेकर सभी आरोपियों ने लोहे की रॉड, तलवार, हॉकी स्टिक और बांस के पट्टे से सुनील सहनी पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

एएसआई की पत्नी ने सात लोगों पर दर्ज कराया मामला

दूसरे पक्ष से घायल एएसआई मो. मोबिन की पत्नी समीना खातून ने भी प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें सुनील सहनी, अनिल सहनी, गोविंद यादव, संतोष सहनी, शंकर सहनी समेत सात नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान एएसआई मो. मोबिन विवाद शांत कराने पहुंचे थे, तभी उन पर गोली चलाई गई, जिससे उनके पेट में गोली लग गई.

एएसआई का इलाज जारी, पुलिस जुटी जांच में

घटना में घायल एएसआई मो. मोबिन का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पहले से बेहतर है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है.

डीआईजी और एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना के बाद डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, सिटी एसपी अशोक कुमार तथा एसडीपीओ राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की. बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >