Darbhanga News: बलभद्रपुर नवटोल स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में नव जन चेतना मंच की ओर से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में हिंदी और मैथिली भाषा के कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्यिक माहौल बनाया. गीत, गजल और कविताओं के माध्यम से सामाजिक सरोकार, वर्तमान परिस्थितियों, राजनीति, नारी जीवन और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया.
प्रसिद्ध गजलकार डॉ. नरेंद्र ने की अध्यक्षता
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता प्रसिद्ध गजलकार डॉ. नरेंद्र ने की. उन्होंने अपनी गजल के माध्यम से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक परिस्थितियों को रेखांकित किया. उनकी प्रस्तुति पर श्रोताओं ने खूब सराहना की.
डॉ. अमर कांत कुमर के गीत ने बांधा समां
डॉ. अमर कांत कुमर ने अपने गीत के माध्यम से गर्मी, गांव और प्रकृति से जुड़े भावों को प्रस्तुत किया. उनकी रचना ने श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ा और कार्यक्रम में साहित्यिक रंग को और गहरा किया.
कवियों ने राजनीति और व्यवस्था पर किया कटाक्ष
श्याम भास्कर ने अपनी कविता के माध्यम से वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य की ओर ध्यान आकृष्ट किया. वहीं संजय कुमार ने अपनी गजल में मौजूदा व्यवस्था और राजनीतिक गतिविधियों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में टिप्पणी की.
शिशिर कर्ण ने गजल के माध्यम से रिश्तों और अभिव्यक्ति की जटिलताओं को सामने रखा. डॉ. सत्येंद्र कुमार झा ने अपनी रचना के जरिए वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों और घटनाक्रमों पर विचार प्रस्तुत किए.
युवा और नारी जीवन से जुड़े मुद्दे भी उठे
चंद्रेश की रचना युवाओं को समर्पित रही, जिसमें उन्हें देश के भविष्य के रूप में सजग रहने का संदेश दिया गया. वंदना चौधरी ने मैथिली रचना के माध्यम से नारी की स्थिति और अधिकारों से जुड़े विषयों को स्वर दिया.
नीतू कुमारी ने मैथिली में भक्ति भाव से जुड़ी कविता प्रस्तुत की. उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग भी जोड़ा.
डॉ. राज किशोर झा ने सकारात्मक सोच का संदेश दिया
संयोजक डॉ. राज किशोर झा ने अपने गीत के माध्यम से वर्तमान परिस्थितियों को सकारात्मक नजरिए से देखने का संदेश दिया. उन्होंने यथार्थ को यथार्थ के रूप में स्वीकार करने और परिस्थितियों के बीच सकारात्मक सोच बनाए रखने का भाव अपनी रचना में रखा.
उमेश कुमार झा ने भी कविता पाठ किया. विभिन्न कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया.
बड़ी संख्या में श्रोताओं ने लिया साहित्यिक आनंद
कार्यक्रम का स्वागत संयोजक डॉ. राज किशोर झा ने किया, संचालन संजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वार्ड पार्षद देवकृष्ण झा कोमल ने किया.
इस अवसर पर आशुतोष कुमार झा, चंद्रशेखर झा, मदन मोहन झा, सीताराम झा, अभय कुमार महतो, राम किशोर झा, मृत्युंजय झा, संजीत कुमार झा, राज कमल, अमित, शंभू, शानू, रमेशचंद्र झा सहित बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे और उन्होंने गीत, गजल एवं कविता का आनंद लिया.
यह भी पढ़ें: जिसके सानिध्य में इंसानियत जाग उठती थी, उस डॉक्टर को खोकर मोतिहारी चिकित्सा जगत हुआ मर्माहत
