स्वच्छता मामले में प्रदेश में छठे स्थान पर शहर
दरभंगा : स्वच्छता के मामले में दरभंगा को प्रदेश के 11 नगर निगम में छठा स्थान मिला है. पिछले दिनों स्वच्छता को लेकर कराये गये सर्वे के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग जारी की गयी है. इसमें जिला को 356 वां स्थान प्राप्त हुआ है. बता दें कि केंद्रीय टीम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 […]
दरभंगा : स्वच्छता के मामले में दरभंगा को प्रदेश के 11 नगर निगम में छठा स्थान मिला है. पिछले दिनों स्वच्छता को लेकर कराये गये सर्वे के आधार पर राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग जारी की गयी है. इसमें जिला को 356 वां स्थान प्राप्त हुआ है. बता दें कि केंद्रीय टीम ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2017 के तहत 15 से 31 दिसंबर तक यहां विभिन्न विंदुओं को केंद्र में रखकर सर्वे किया था.
टीम ने कचरा निस्तारण व प्रबंधन, रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से 300 मीटर के अंदर पटरियों पर शौच, तालाब या खुले में शौच के अलावे सार्वजनिक शौचालयों का भी निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की थी. टीम ने स्वच्छता एप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने तथा शिकायत के निष्पादन की प्रक्रिया को भी सर्वे में शामिल किया था.
निरीक्षण के दौरान ही यह साफ हो गया था कि जिला को बेहतर रैंकिंग नहीं मिलने जा रही है. इसका सबसे बड़ा कारण निगम के पास कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग ग्राउंड का नहीं होना था. स्थापना काल से ही निगम के पास डंपिंग ग्राउंड नहीं है. निगम के शौचालयों की दशा काफी खराब है. रेलवे स्टेशन के आसपास पटरी पर तथा तालाबों व सड़कों के किनारे भी शौच से मुक्त नहीं हैं. इन सभी के कारण निगम बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सका.
केंद्र सरकार ने दो अक्टूबर 2014 को गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत मिशन अभियान की शुरूआत की थी. इसके तहत व्यक्तिगत शौचालय योजना लायी गयी. केंद्र व राज्य सरकार ने अनुदान के तौर पर प्रति लाभुक 12-12 हजार रूपये दिये. योजना को ले निगम ने 10 हजार 418 लाभुकों को चिन्हित कर पिछले वित्तीय वर्ष के लिए 3656 आवेदन को स्वीकृत किया. अभियान के प्रचार-प्रसार को ले नगर में 18 स्थानों पर निगम ने होर्डिंग लगाया. बताया जाता है कि सर्वे की सूचना निगम को मात्र 15 दिन पूर्व मिली थी. इस कारण वह तैयारी नहीं कर सका. यही कारण रहा कि निगम का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा.
कचरा निस्तारण व प्रबंधन की व्यवस्था, स्वच्छता एप के माध्यम से शिकायत व निवारण समेत स्वच्छता को लेकर कर्मियों को प्रशिक्षण समय से नहीं दिया जा सका. इन कमियों के कारण प्रदेश के 11 निगम में जिला को छठा स्थान मिला है. और बेहतर रैंक मिले इसे लेकर त्रुटियों में सुधार किया जायेगा.
नागेंद्र कुमार सिंह, नगर आयुक्त
राष्ट्रीय रैंकिंग में 356वां स्थान
15 से 31 दिसंबर तक किया गया था सर्वे
खराब प्रदर्शन का कारण डंपिंग स्थल नहीं होना
तालाबों के किनारे शौच भी बनी मुख्य वजह