प्रभात खबर आपके द्वार सह मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में मुखर होकर बोले वार्डवासी
दरभंगा : नगर निगम का मुख्य काम साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, रोशनी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सुविधा लोगों को उपलब्ध कराना है. निगम क्षेत्र के लोग इन सुविधाओं के एवज में निगम को टैक्स देते हैं. सुविधाओं के नाम पर लोगों की सबसे अधिक नजर साफ सफाई एवं जलनिकासी पर रहती है. निगम का सबसे अधिक ध्यान भी इन दो सुविधा को उपलब्ध कराने पर रहता है. बावजूद इन दो समस्या से लोग अधिक परेशान हैं. सफाई तथा जलनिकासी को ले लोग संतुष्ठ नहीं हो पाते.
निगम के वार्ड 48 में प्रभात खबर आपके द्वार कार्यक्रम के तहत रविवार को मतदाता जागरूकता अभियान में लोगों का कहना था कि निगम मूलभूत समस्या को भी दूर करने में सक्षम नहीं है. उसे सबसे अधिक दिलचस्पी समय से टैक्स वसूलने में रहती है. मुहल्ले के कई भाग में नाला नहीं है. जहां नाला है, वहां भी जाम की समस्या है. नाला नहीं रहने के कारण लोग सड़क पर ही गंदा पानी बहाते हैं.
कचरा जमा करने के लिए कूड़ादान तो है लेकिन लोग कूड़ेदान के बजाय सड़क पर ही घर का कचरा फेंक देते हैं. पोखरा में गंदा पानी बहाये जाने के कारण उसमें पैर तक रखने में डर लगता है. प्रदूषित पोखरा का कीड़ा अगल-बगल के घरों को प्रभावित करता है. इस कारण आसपास के लोग लगातार बीमार होते रहते हैं.
सरकारी जमीन को अतिक्रमण करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती. लोगों ने माना कि हमें भी बदलना होगा. नालों में प्लास्टिक आदि के सामानों को नहीं डालने की आदत डालनी होगी. आदतों में थोड़ा सा परिवर्तन करें तो शहर को सुंदर व व्यवस्थित कर सकते हैं. लोगों का कहना है कि वार्ड में एक भी सार्वजनिक शौचालय नहीं है. सैंकड़ों घरों की महिलाएं शौच के लिए अहले सुबह उठ जाती है, वहीं देर शाम होने का भी इंतजार करती है. मजदूर वर्ग के लोगों की भी यही स्थिति है. पेयजल का संकट विकट बना है. कुछ जगह चापाकल है भी तो बेकार पड़ा है.
कई जगह नाला तो है, परंतु पानी का बहाव नहीं है. इस कारण पानी सर जाने के कारण कीड़े मकोड़े जन्म ले रहे हैं. डीडीटी का छिड़काव क्षेत्र में कहीं नहीं हो रहा है. मच्छर का प्रकोप बढ़ा हुआ है. मतदाताओं का कहना है कि पेंशन, राशन, किराशन का जो लाभ मिलना चाहिए नहीं मिल रहा. अधिकांश को राशन कार्ड नहीं मिला,जिन्हें मिला भी उन्हें समय से अनाज नहीं मिलता. वार्ड में दो मध्य विद्यालय और पांच आंगनवाड़ी केंद्र है. वार्ड में बलुआही पोखर एवं सूर्याही पोखर है, जो जलकुंभी से भरा है. किसी जमाने में लोग इस पोखर के पानी से भोज भंडारा का काम किया करते थे.
पोखर में लोक छठ पर्व तक अब नहीं करते. राजीव गांधी आवास योजना से जरूरतमंद वंचित हैं. घनी आवादी होने के बाद भी साफ सफाई एवं प्रकाश की उत्तम व्यवस्था नहीं है. इस वार्ड से 14 उम्मीदवार
चुनावी मैदान में हैं. नाम वापस नहीं लेने की स्थिति में नामांकन पर्चा दाखिल करने वाले सभी उम्मीदवार भाग्य आजमाएंगे.
मोहल्ला : ख्वाजासराय, पंडासराय व हाउसिंग बोर्ड का कुछ भाग
जनसंख्या : लगभग 12 हजार
मतदाता : सात हजार
चौहद्दी : पूरब में रेलवे लाइन, पश्चिम में खराजपुर पंचायत, उत्तर में आदर्श मध्य विद्यालय, दक्षिण में पंडासराय गुमटी
