दरभगा : नगर वासियों को अब आधार कार्ड बनाने के लिए जगह-जगह दौड़ लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी. नगर निगम कार्यालय में नि: शुल्क आधार पंजीयन को लेकर स्थायी केंद्र खोला गया है. इस केंद्र पर ग्रामीण इलाके के लोग भी नि: शुल्क आधार पंजीयन करा सकते हैं. ग्रामीण विकास विभाग पटना ने केंद्र संचालन को लेकर एमकेएस इंटरप्राइजेज को यह काम दिया है. केंद्र खोले जाने को लेकर विभाग ने नगर निगम को एक कार्यालय व बिजली के साथ-साथ अन्य सहयोग के लिए आदेश दिया था. आदेश के आलोक में निगम ने संबंधित एजेंसी को कार्यालय उपलब्ध करा दिया है.
विभाग के निर्देशानुसार एजेंसी से दैनिक प्रतिवेदन भी प्राप्त कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. एजेंसी के जिला कोऑर्डिनेटर राजीव रंजन ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए आधार पंजीयन का काम शुरू कर दिया गया है. शुल्क आदि के संबंध में श्री रंजन ने बताया कि आधार पंजीयन, अनिवार्य बॉयोमेट्रिक अपडेट, सर्वश्रेष्ठ उंगुली की पहचान किसी भी विधि से आधार खोजना आदि नि: शुल्क है. आधार में हुई गलती में सुधार बदलाव या अन्य बॉयोमेट्रिक अपडेट के लिए शुल्क 25 रुपये, आधार के रंगीन प्रिंट के लिए 20 रुपये, ब्लैक एंड व्हाइट के लिए 10 रुपये निर्धारित है.
नगर प्रबंधक नरोत्तम कुमार साम्राज्य ने बताया कि विभाग से मिले पत्र के निर्देश के आलोक में निगम कार्यालय में कमरा व बिजली की व्यवस्था कर दी गयी है.
