चार घंटे तक वाशिंग पिट में फंसी रही कोलकाता एक्सप्रेस
प्वाइंट्स मैन व ट्रैफिक शंटर निलंबित
दरभंगा : दरभंगा जंकशन के यार्ड में रविवार को अमृतसर जानेवाली 15211 जननायक एक्सप्रेस बेपटरी हो गयी. इस वजह से कोलकाता जानेवाली 15234 दरभंगा-कोलकाता एक्सप्रेस चार घंटे तक वाशिंग पिट में फंसी रही. वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन पांच घंटे विलंब से रवाना हो सकी. सिक लाइन पर हादसा होने की वजह से मेन लाइन पर आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा. इस हादसे को लेकर छानबीन को पहुंचे पदाधिकारियों के दल ने तत्काल प्वाइंट्स मैन व ट्रैफिक शंटर को निलंबित कर दिया है. वहीं दुर्घटना को लेकर जांच की जा रही है. अमृतसर से आने के बाद जननायक के रेक को धुलाई के लिए वाशिंग पिट में ले जाया जा रहा था.
पूर्वाह्न 11.50 बजे जब यार्ड से इस ट्रेन को वाशिंग पिट पर लाया जा रहा था, तो प्वाइंट्स संख्या-132 के पास 20 बोगियोंवाली इस रेक के पीछे से तीसरी बोगी के दो चक्के पटरी से उतर गये. तत्काल इसकी सूचना जंकशन को दी गयी. वहीं मंडल मुख्यालय समस्तीपुर को भी बताया गया. इस बीच आगे की 17 बोगियों को काट कर अलग कर दिया गया. इसके बाद यहां उपलब्ध छोटे एआरटी वैन के सहारे तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 2.35 बजे पहियों को वापस पटरी पर लाया जा सका.
दो कर्मी निलंबित
सूत्रों के अनुसार प्वांइट्स सही से नहीं बनाये जाने की वजह से ही यह हादसा हुआ. इसे लेकर श्री पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया इसमें प्वाइंट्स मैन व शंटर की लापरवाही सामने आयी है. इसलिए तत्काल इन दोनों को निलंबित करने का आदेश दिया गया है. बता दें कि प्वाइंट्स मैन के रूप में सुरेंद्र कुमार दास व शंटर के रूप में शत्रुघ्न यादव तैनात थे. उन्होंने बताया कि वैसे इस हादसे की जांच की जायेगी. इसमें जिसका दोष सामने आयेगा, उस पर विभागीय कार्रवाई की जायेगी.
वाशिंग पिट का रास्ता अवरुद्ध
इधर इस घटना के कारण वाशिंग पिट में पहले से खड़ी दरभंगा-कोलकाता एक्सप्रेस की रेक फंस गयी. जब अपराह्न 3.12 बजे अभियंत्रण विभाग ने ट्रैक को फिट दिया, तब जाकर इसे बाहर निकाला जा सका.
बम मार कोर्ट कर्मी की हत्या
