दरभंगा जंकशन का निरीक्षण कर सांसद ने देखी जमीनी हकीकत
सुविधा विस्तार पर जताया संतोष
दरभंगा : सांसद कीर्ति आजाद ने रविवार को दरभंगा जंकशन का निरीक्षण किया. पिछले वर्ष जंकशन के विकास के लिए रखी गयी मांग व दिये गये सुझाव के आलोक में उन्होंने इस क्रम में जमीनी पड़ताल की. कहा कि वे रेलवे की प्रगति से संतुष्ट तो नहीं हैं, लेकिन स्थिति संतोषप्रद है. संध्याकाल अपने समर्थकों के साथ जंकशन पहुंचकर सांसद ने सबसे पहले प्लेटफार्म एक के उत्तरी छोर पर बन रहे ट्रॉली पाथ को देखा. प्लेटफार्म एक पर बदले जा रहे कोटा स्टोन तथा शेड की मरम्मत कार्य का जायजा लिया. इस दौरान पूछताछ कार्यालय में पहुंचे.
वहां मैथिली में उद्घोषणा नियमित रूप से करने को कहा. पेय एंड यूज शौचालय की साफ-सफाई देखी. इसी दौरान नवीन कुमार मिश्र तथा गुलजार नाम के दो सख्स ने शौचालय संचालक के द्वारा निर्धारित दर से कई गुणा अधिक राशि लेने की उनसे शिकायत की. नवीन ने जहां दो रुपये की जगह शौचालय के लिए दस रुपये लेने का आरोप लगाया, वहीं गुलजार ने कहा कि नि:शुल्क पेशाब के लिए भी उससे दस रुपये वसूल लिये गये. सांसद ने संचालक को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने स्थिति में सुधार लायें, अन्यथा ब्लैकलिस्टेड भी हो सकते हैं. इधर जानकार सूत्रों की मानें तो रेलवे ने इन दो यात्रियों की शिकायत पर जुर्माना करने की कवायद शुरू कर दी है.
