जागरूकता से भूकंप का खतरा होगा कम
भूकंप सुरक्षा सप्ताह तैयारी पर आपदा प्रबंधन की बैठक
दरभंगा : भूकंप के प्रति सजग रहकर ही हम इसके प्रभाव को कम कर सकते हैं. जागरूकता ही भूकंप से हमें सुरक्षित रख सकता है. इसके लिए हम सबों को भूकंप पूर्व तैयारी करनी होगी. घर के सभी सदस्यों को बताना होगा भूकंप से बचाव का फार्मूला-‘झूको, बैठो और सिर को बचाओ’. यह बातें भूकंप सुरक्षा सप्ताह पूर्व आयोजित बैठक में डीएम विवेकानंद झण ने कही.
समाहरणालय स्थित डा. अम्बेदकर सभागार में आयोजित बैठक में जिला आपदा प्रबंधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी रवींद्र कुमार दिवाकर ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में भूकंप से अधिक क्षति होती है. इसकी मूल वजह है, इसके प्रति आमलोगों में जागरूकता का अभाव.
इसके लिए हमें विद्यालय से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक अभियान चलाकर छात्रों को ‘मॉक ड्रिल’ करवाने की जरूरत है, ताकि ऐन वक्त पर वे छात्र अपना बचाव कर सकें. बैठक में डीएम श्री झा ने कहा कि हमें प्रण लेना होगा कि जो भी मकान बनवायें, उसमें भूकंपरोधी तकनीक का उपयोग हो.
उन्होंने अभियंताओं से हर निर्माण में इस तकनीक का इस्तेमाल करने का आग्रह किया. डीएम श्री झा ने कहा कि हर परिवार में भूकंप से बचाव को मॉक ड्रिल का आयोजन जरूरी है ताकि भूकंप से होनेवाली क्षति को कम किया जा सके. बैठक में चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गजानंद बृजराजका, रेड क्रॉस के मोहन सरावगी, एमसीसी के कमांडिंग ऑफिसर, विभिन्न विभागों के अभियंता, शिक्षा विभाग, होली क्रॉस स्कूल के प्रतिनिधि, एसीएमओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
