तीन माह से मांगी जा रही थी रंगदारी
दरभंगा : इंजीनियर हत्याकांड में जो जानकारी सामने आयी है, उसके मुताबिक कंपनी से अपराधी पिछले तीन माह से रंगदारी की मांग कर रहे थे. एसएसपी एके सत्यार्थी ने भी इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन इसकी सूचना उस समय पुलिस को नहीं दी गयी. बाद में मौखिक […]
दरभंगा : इंजीनियर हत्याकांड में जो जानकारी सामने आयी है, उसके मुताबिक कंपनी से अपराधी पिछले तीन माह से रंगदारी की मांग कर रहे थे. एसएसपी एके सत्यार्थी ने भी इसकी पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन इसकी सूचना उस समय पुलिस को नहीं दी गयी. बाद में मौखिक सूचना दी गयी थी.
उसी के आधार पर घटना से एक सप्ताह पहले बेनीपुर डीएसपी खुद उनके प्लांट पर पहुंचे, तो मौखिक रूप से रंगदारी मांगे जाने की बात कही गयी. डीएसपी अंजनी कुमार ने बीएमपी के एक सेक्शन फोर्स को तैनात कर दिया. इसके बाद उन्होंने स्वीकृति के लिए हमें पत्र भेजा.
सुरक्षा देने में चूके बहेड़ा थानाध्यक्ष
एसएसपी ने बताया कि बहेड़ा थानाध्यक्ष रमाशंकर सिंह को हटाकर उनके स्थान पर हरिशंकर मिश्र को पदस्थापित किया गया है. बहेड़ा थानाध्यक्ष ने एक दिन पहले बगैर सूचना दिये कंपनी के प्लांट से बीएमपी के जवान को हटाकर नगर परिषद के चुनाव के नामांकन कार्य में लगा दिया था. जिला पुलिस बल की तैनाती भी नहीं की थी.
सुरक्षा में बीएमपी के जवान तैनात
एसएसपी मे बताया कि जिले में काम कर रही दो बड़ी कंपनियों को व्यापक सुरक्षा मुहैया कराया गया है. वहां 2/6 का बीएमपी जवानों को तैनात किया गया है, जो कंपनी की ओर से उपलब्ध करायी जानेवाली गाड़ी से अधिकारियों के साथ जायेंगे. साथ ही प्लांट की भी सुरक्षा करेंगे. उन्होंने बताया कि अपराधियों के ठिकानों पर छापामारी की जा रही है. जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ लिया जायेगा. मौके पर सिटी एसपी हरिकशोर राय, सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद, बेनीपुर डीएसपी अंजनी कुमार थे.