साहब गये चुनाव ड्यूटी में प्रमाण प्रत्र के लिए भटक रहे लोग
बिरौल : अंचल कार्यालय में एक सप्ताह से कामकाज ठप पड़ा है. दूर-दराज से पहुंचे लोगाें को जातीय, आवासीय और आय प्रमाण पत्र नहीं बन रहे हैं. इसके चलते यहां के लोग परेशानी से जूझ रहे हैं.
सीओ सूर्यकांत को बेनीपुर में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बना दिया गया है. बीडीओ भी क्षेत्र में चुनाव कार्य में व्यस्त रहते हैं. लोगाें की सुधी लेने वाला कोई नहीं है. सोमवार को अरगा उसड़ी पंचायत के राम बाबू मांझी जातीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अंचल कार्यालय पहुंचे. सीओ के कार्यालय में ताला झूलता मिला.
काफी देर प्रतीक्षा करने के बाद भी सीओ का अतापता नही मिला. करीब पांच बजे बीडीओ रजत किशोर सिंह क्षेत्र से आये. आवेदक ने उनके समक्ष अपनी समस्या रखी. उन्होंने इसके लिए संबंधित कर्मी को आदेश दे कर आवेदक की परेशानी तो कम कर दी, लेकिन उनका क्या जो लंबी प्रतीक्षा के बाद निराश लौट गये.
