बम होने की सूचना मिलते ही ट्रेन से कूद कर भागने लगे यात्री

अफरातफरी. कर्मी भी स्टेशन छोड़ भागे, सकरी व मनीगाछी पुलिस पहुंची मनीगाछी /दरभंगा : जयनगर से दरभंगा आ रही 55518 सवारी गाड़ी में बम होने की सूचना मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. एक-दूसरे को धक्का देते हुए किसी तरह ट्रेन से उतरे. सीधे स्टेशन भवन से बाहर सड़क की […]

अफरातफरी. कर्मी भी स्टेशन छोड़ भागे, सकरी व मनीगाछी पुलिस पहुंची

मनीगाछी /दरभंगा : जयनगर से दरभंगा आ रही 55518 सवारी गाड़ी में बम होने की सूचना मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी. एक-दूसरे को धक्का देते हुए किसी तरह ट्रेन से उतरे. सीधे स्टेशन भवन से बाहर सड़क की ओर दौड़ लगा दी. एक पल में ही पूरा नजारा बदल गया. उल्लेखनीय है कि अज्ञात शरारती ने ट्रेन में बम होने की गलत सूचना रेल कर्मी को दे दी. मामला गंभीर देखते हुए तत्काल इसकी खबर समस्तीपुर रेल मंडल प्रशासन को हुई. आनन-फानन में सकरी जंकशन के स्टेशन अधीक्षक को ट्रेन खाली कराने का निर्देश दिया गया. जैसे ही गाड़ी जंकशन पर पहुंची, उन्होंने शांत भाव से ट्रेन खाली कर देने के लिए यात्रियों से अपील की.
वही सिविल पुलिस को सूचना दी गयी. दरभंगा तथा मधुबनी दोनों जिलों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी. सकरी तथा मनीगाछी से पुलिस बल के जवान वहां पहुंच गये. जीआरपी के ऑन ड‍्यूटी स्टाफ भी मुस्तैद हो गये. इन लोगों ने अपने स्तर से जांच शुरू कर दी. कहीं भी
आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली. इधर आरपीएफ कमांडेंट ने अपने इंस्पेक्टर बीके विश्वकर्मा को तत्काल सकरी जंकशन पहुंचने का निर्देश दिया. सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक जवाहर लाल अपने थाना कर्मी राजनाथ पांडेय, गुणानंद चौधरी, रमणजी पासवान आदि के साथ वहां पहुंच गये. जांच की. कहीं से भी कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली. इसके बाद रेल महकमा ने राहत की सांस ली.
यात्री डोमन दास ने बताया कि खगड़िया जाने के लिए गाड़ी पकड़ी थी. मधुबनी में ही सुशील कुमार दरभंगा आने के लिए ट्रेन में सवार हुए थे. उस घड़ी को याद कर वे सिहर उठे. कहा कि अभी भी उस पल को याद करते हैं तो शरीर में मौत की झुरझुरी सी महसूस होती है. सबसे अधिक दहशत में अकेले सफर कर रही महिला यात्री नजर आयी. चंद्रकला देवी, शशिकला, कामिनी, कविता के अलावा अचला चौधरी, कांति झा, मीनू गुप्ता आदि ने बताया कि रेल प्रशासन ने तत्परता दिखायी, लेकिन रेलवे की सुरक्षा पर इस घटना ने जरूर सवाल खड़े कर दिये हैं.
ट्रेन रद्द की सूचना के तुरंत बाद विस्फोटक होने का हुआ एलान : मनीगाछी/दरभंगा : मधुबनी से ट्रेन सकरी की ओर बढ़ गयी थी. सकरी जंकशन के आउटर से आगे इंजन के बढ़ते ही गाड़ी की रफ्तार कम होने लगी. ट्रेन प्लेटफार्म संख्या एक पर प्लेस हो रही थी तो उस समय स्वतंत्रता सेनानी के रद्द होने की घोषणा हो रही थी. यह उद‍्घोषणा समाप्त होते ही माइक पर उभरने वाली आवाज ने ट्रेन में सवार यात्रियों को दहशत में डाल दिया. माइक से ट्रेन में सवार सभी यात्रियों से गाड़ी खाली कर देने की अपील की जा रही थी. तुरंत बाद ट्रेन में विस्फोटक होने की सूचना दी गयी. यह सूचना मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों के हाथ-पांव फुल गये. सभी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. भगदड़ सी मच गयी. पलक झपकते ही सभी बाहर की ओर भाग निकले.
गलत सूचना देने के बाद बंद कर लिया फोन : दरभंगा. जयनगर से दरभंगा आ रही सवारी गाड़ी में बम होने की सूचना देने के बाद शरारती ने अपना मोबाइल स्वीच ऑफ कर लिया. इस गलत सूचना के कारण तीन घंटे तक रेल प्रशासन सकते में रहा. आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही दरभंगा तथा मधुबनी जिला की पुलिस पसीना बहाती रही. भय के साये में यात्री रहे. जांच के बाद अफवाह साबित होने के बाद जब रेल प्रशासन की ओर से उस नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया गया तो मोबाइल बंद मिला. उधर, पुलिस की जांच में शरारती तत्व का मोबाइल नंबर महाराष्ट्र में ट्रेस किया गया है. पुलिस उसके आधार पर जांच में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >