नगर िनगम. मेयर ने भेजी सदस्यों की सूची
दरभंगा : मेयर वैजयंती देवी खेड़िया ने अपने कैबिनेट में शामिल होनेवाले सदस्यों का चुनाव कर लिया है. उन्होंने सशक्त स्थायी समिति के सात सदस्यों के नामों की सूची गुरुवार को नगर निगम को उपलब्ध करा दी है. नामित किये गये सदस्यों का शपथ ग्रहण 19 जून को आयोजित किये जाने की संभावना है. कैबिनट के गठन के बाद स्थायी समिति की पहली बैठक 22-23 जून को होने की संभावना बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 10 के पार्षद अजय कुमार जालान, 16 के सोहन यादव, 19 के सुबोध कुमार, 24 के मो. शिवगतुल्लाह उर्फ डब्बू खां, 27 के विनोद मंडल, 35 के आशा किशोर प्रजापति तथा वार्ड 39 के नुसरत आलम को सशक्त स्थायी समिति में शामिल किया गया है.
बता दें कि स्थायी समिति में मेयर व डिप्टी मेयर पदेन सदस्य होते हैं. नामित किये गये सदस्यों के नामों की पुष्टि करते हुये मेयर बैजयंती देवी खेड़िया ने बताया कि स्थायी समिति में शामिल किये जाने वाले सदस्यों की सूची निगम को हस्तगत करा दी गयी है. उन्होंने बताया कि नामित सदस्यों का शपथ ग्रहण एक-दो दिनों में कराये जाने का नगर आयुक्त से कहा गया है.
बता दें कि शपथ ग्रहण सचिव या अवर सचिव स्तर के अधिकारी से कराये जाने का प्रावधान है. शपथ ग्रहण के लिये पटना से विभागीय अधिकारी भरत झा को अधिकृत किया गया है. संभावना जतायी जा रही है कि 19 जून को शपथ ग्रहण हो सकता है.
19 जून को सदस्यों के शपथ ग्रहण करने
की है संभावना
दो अल्पसंख्यक पार्षदों को मिला मौका
