आक्रोश . गलत बिल को ले बिजली विभाग के खिलाफ की नारेबाजी
सिंहवाड़ा : बिजली विभाग द्वारा गलत बिल दिये जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने बांस-बल्ला लगाकर शनिवार को सिमरी-तारालाही पथ को बसतवाड़ा हड़क टोला के निकट जाम कर दिया. लोग जेई के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ छोटी-बड़ी गाड़ियों की लम्बी कतार लग गयी.
मौके पर खेमस नेता रामबाबू साह ने कहा कि जेई सौरभ सिंह को कई बार सूचना दी गयी पर समस्या का समाधान नहीं हो सका. उपभोक्ता अब किसी सूरत में यह अन्याय बर्दास्त नहीं करेंगे. देवेन्द्र चौधरी ने कहा कि बिजली के लिए कोई सुविधा उपभोक्ताओं को नही है. जर्जर पोल व तार के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
इसे दुरुस्त करने के लिए विभाग कोई ध्यान नही दे रहा है. उल्टे गलत बिजली बिल भेजकर गरीब उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है. अविलम्ब इस समस्या का समाधान नही किया जाता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. बताया जाता है कि जेई सौरभ सिंह ने गलत बिजली बिल को सुधार करने का आश्वासन दिया, इसके बाद जाम समाप्त किया गया. मौके पर सुलेन्द्र दास, ललित पासवान, अजय यादव, विकास यादव, रामबाबू यादव, कुसुमलाल पासवान, दीपक पासवान, बासुदेव यादव, अशोक पासवान, इम्तेयाज खां, मिथिलेश दास, ओवैस अहमद आदि मौजूद थे.
