भागलपुर में अपराधियों ने युवक को घर में घुसकर मारी गोली, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

मृतक के भाइयों का कहना है कि आरोपी की मां ने उनकी भाभी को बीते दिनों विकास को गोली मरवा देने की धमकी दी थी. और अब उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी है.

भागलपुर में सोमवार को गोलीबारी का एक और नया मामला सामने आया है. जहां अपराधियों ने घर में घुसकर युवक के सिर में गोली मार दी है. गोली लगने की वजह से युवक बुरी तरह घायल हो गया. जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जाने लगे, जहां रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. घटना जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र के पासी टोला की है. मृत युवक की पहचान 30 वर्षीय विकास शाह के रूप में हुई है. विकास किराने की दुकान चलाता था.

सोते वक्त सिर में मारी गोली

घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि विकास को अपराधियों ने उस वक्त गोलियों से छलनी कर दिया, जब वो सो रहा था. मृतक के चचेरे भाई ने पास में ही रहने वाले राजकुमार चौधरी पर हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि आरोपी ने घर में घुसकर सोई अवस्था में विकास के सिर में गोली मार दी जिससे उसकी मौत हो गयी.

मृतक के चार बच्चे हैं

परिजनों ने बताया कि विकास शादी के बाद से पासी टोला स्थित अपने ससुराल में रह कर किराने की दुकान चलाता था. विकास के चार बच्चे हैं और वह उनके लिए कमाई का इकलौता साधन था. परिजनों के मुताबिक विकास का किसी भी व्यक्ति से कोई विवाद नहीं था. वहीं विकास के भाइयों का कहना है कि राजकुमार चौधरी की मां ने उनकी भाभी पूनम को बीते दिनों विकास को गोली मरवा देने की धमकी दी थी.

आरोपी की तलाश में छापेमारी

घटना की जानकारी प्राप्त होते ही डीएसपी सदर अजय कुमार चौधरी और स्थानीय थाने की पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल अवस्था में विकास को मायागंज अस्पताल भेजा लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में विकास की मौत हो गई. विकास की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले में आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >