दिल्ली में निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर के साथ सम्राट चौधरी की हाईलेवल मीटिंग, नेपाल डैम से बिहार के फंड तक, जानिए क्या है पूरा एजेंडा

Samrat Choudhary Delhi Visit: बांकीपुर उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहली बार दिल्ली दौरे पर हैं. उन्होंने कर्तव्य भवन में केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक की. जिसमें बिहार की वित्तीय जरूरतों, विकास परियोजनाओं और भारत-नेपाल हाई लेवल डैम जैसे अहम मुद्दों पर मंथन हुआ.

Samrat Choudhary Delhi Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं. बांकीपुर उपचुनाव के बाद यह उनका पहला दिल्ली दौरा है. ऐसे में उनकी दिल्ली यात्रा को राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों नजरिए से अहम माना जा रहा है. शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री की अहम बैठक शुरू हुई. इसमें केंद्र और बिहार सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

निर्मला सीतारमण और एस जयशंकर भी बैठक में शामिल

बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा भी बैठक में शामिल हुए.

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक का हिस्सा रहे. इससे साफ है कि बातचीत में सिर्फ राजनीतिक मुद्दे ही नहीं, बल्कि बिहार से जुड़े प्रशासनिक और आर्थिक विषय भी शामिल हैं.

करीब एक घंटे बाद एस जयशंकर निकले

बैठक शुरू होने के करीब एक घंटे बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर कर्तव्य भवन से रवाना हो गए. इसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और संजय झा की बैठक जारी रही.

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत बिहार के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे. अब इस बैठक में बिहार के लिए किन प्रस्तावों और योजनाओं पर सहमति बनती है, इस पर नजर है.

भारत-नेपाल सीमा और हाई लेवल डैम पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे में बिहार से जुड़े कई रणनीतिक मुद्दे उठाए जाने की संभावना है. इनमें भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विषय अहम हैं.

नेपाल में प्रस्तावित हाई लेवल डैम का मुद्दा भी चर्चा में है. बिहार की कई नदियां नेपाल से होकर आती हैं. मानसून के दौरान इन नदियों के कारण राज्य के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा रहता है.

ऐसे में हाई लेवल डैम को लेकर भारत और नेपाल के बीच समन्वय बिहार के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. जल सुरक्षा और बाढ़ नियंत्रण के लिहाज से भी यह बड़ा मुद्दा है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

बिहार की वित्तीय जरूरतों पर भी फोकस

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक में बिहार की आर्थिक जरूरतों पर चर्चा हो सकती है. केंद्र से मिलने वाली सहायता और राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में रहने की संभावना है.

मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम और मुख्य सचिव की मौजूदगी को भी अहम माना जा रहा है. इससे संकेत मिलते हैं कि बैठक में बिहार के विकास, वित्त और प्रशासन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हो रही है.

बैठक के बाद सीएम सम्राट ने ट्वीट कर दी जानकारी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बैठक के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई. इसमें भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों, पर्यटन के विकास और बिहार के हित से जुड़े अन्य अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास, समृद्धि और जनहित से जुड़े मुद्दों को केंद्र के सामने मजबूती से रखने और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही.

बांकीपुर नतीजे के बाद पहला दिल्ली दौरा, राजनीतिक मायने भी

सम्राट चौधरी का यह दौरा बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे के बाद हो रहा है. इसलिए उनकी केंद्रीय नेताओं के साथ प्रस्तावित मुलाकातों पर राजनीतिक नजर भी बनी हुई है.

बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ उनकी मुलाकातों को लेकर भी अटकलें हैं. हालांकि, इस दौरे का एक बड़ा हिस्सा बिहार से जुड़े प्रशासनिक और विकास के मुद्दों पर केंद्रित माना जा रहा है.

केंद्र और बिहार के बीच बेहतर समन्वय पर जोर

सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे में एक साथ कई स्तरों पर बातचीत हो रही है. एक तरफ बिहार की वित्तीय जरूरतें और विकास परियोजनाएं हैं. दूसरी तरफ भारत-नेपाल सीमा, बाढ़ और हाई लेवल डैम जैसे रणनीतिक मुद्दे हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री की बैठकों को बिहार के लिए केंद्र से सहयोग और जरूरी योजनाओं को गति देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

Also Read: बिहार की इन 19 नदियों की गाद से सरकार करेगी कमाई, सर्वे के बाद होगी नीलामी, बाढ़ से भी मिलेगी राहत



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >