माह अंत तक अटल पथ पर दौड़ेंगी सिटी बसें, बनेंगे चार जगह स्टॉपेज, पटना के लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं

ये बसें वीरचंद पटेल पथ होकर आर ब्लॉक से दीघा जायेंगी और वहां उसके अंतिम प्वाइंट पर यू टर्न लेकर वापस बांकीपुर आयेंगी.

पटना. इस महीने के अंत तक अटल पथ पर सिटी बसें दौड़ने लगेंगी. परिवहन सचिव सह आयुक्त पटना प्रमंडल संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि ये बसें वीरचंद पटेल पथ होकर आर ब्लॉक से दीघा जायेंगी और वहां उसके अंतिम प्वाइंट पर यू टर्न लेकर वापस बांकीपुर आयेंगी.

सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत के अवसर पर बांकीपुर में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन सचिव सह आयुक्त ने कहा कि इसकी शुरुआत दो बसों से होगी और उनकी संख्या मांग को देखते हुए भविष्य में और भी बढ़ेगी. साथ ही इसे दानापुर तक भी विस्तारित किया जायेगा.

अटल पथ व जेपी सेतु होकर चार बसें जायेंगी हाजीपुर

अटल पथ होते हुए जेपी सेतु से चार बसें हाजीपुर जायेंगी और आयेंगी. अभी हाजीपुर के लिए 12 बसें चलती हैं जिनमें से एक तिहाई को बदले हुए मार्ग से चलाया जायेगा.

कारगिल चौक से ये बसें डाकबंगला चौराहा और वीरचंद पटेल पथ होते हुए आर ब्लॉक से अटल पथ में प्रवेश करेंगी और आगे जेपी सेतु से होते हुए सोनपुर और वहां से हाजीपुर जायेंगी. जल्द ही इसके लिए ट्रायल शुरू होगा.

चार जगह स्टॉपेज

अटल पथ पर आर ब्लॉक से दीघा के बीच चार जगहों पर स्टॉपेज बनेंगे, जहां बसें आने-जाने के दौरान यात्रियों को चढ़ाने व उतारने के लिए रुकेंगी. अन्य जगहों पर बसों को रोका नहीं जायेगा. स्टाॅपेज वाले स्थल में शामिल होंगे –

  • 1. हड़ताली मोड़

  • 2. पानी टंकी मोड़, एएन कॉलेज

  • 3. महेश नगर मोड़

  • 4. पॉलिटेक्निक मोड़, राजीव नगर

Posted by Ashish Jha

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >