हजारीमल में गुजरेगी गांधी की पहली रात

बेतिया : पटना से मुजफ्फरपुर और मोतिहारी होते हुए आज 22 अप्रैल(1917) को गांधी जी बेतिया आयेंगे. यहां वे बैरिया, लौकरियों, शिवराजपुर जाकर नील की खेती का जायजा लेंगे और किसानों का बयान दर्ज होगा. सौ साल पहले की कहानी को दुहराने में जुटी प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है. हेरिटेज वॉक के […]

बेतिया : पटना से मुजफ्फरपुर और मोतिहारी होते हुए आज 22 अप्रैल(1917) को गांधी जी बेतिया आयेंगे. यहां वे बैरिया, लौकरियों, शिवराजपुर जाकर नील की खेती का जायजा लेंगे और किसानों का बयान दर्ज होगा.
सौ साल पहले की कहानी को दुहराने में जुटी प्रशासन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है. हेरिटेज वॉक के स्वागत से लेकर उनके ठहराव और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर उसे सफल तरीके से कराने के लिए अधिकारियों की जिम्मेवारी तय कर दी गयी है. डीएम लोकेश कुमार सिंह खुद इसपर निगरानी कर रहे हैं.
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को बेतिया रेलवे स्टेशन से हजारीमल धर्मशाला तक हेरिटेज वॉक कार्यक्रम आयोजित किया गया है. इसके तहत गांधी जी एवं अनुयायियों की वेशभूषा में कलाकारों द्वारा 22 अप्रैल को शाम 4.30 बजे बेतिया रेलवे स्टेशन से हेरिटेज वॉक प्रारंभ होगा और कचहरी चौक-कविवर नेपाली चौक (रेडक्रॉस सोसाईटी) होते हुए शहीद स्मारक पार्क पहुंचेगा और वहां पर अवस्थित शहीदों के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित किया जायेगा इसके उपरांत हजारीमल धर्मशाला तक हेरिटेज वॉक होगा और रात्रि में वहीं ठहराव होगा.
23 अप्रैल को इस दल द्वारा हजारीमल धर्मशाला से चलकर सुबह दस बजे अनुमंडल कार्यालय बेतिया आकर अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात किया जायेगा और उसके बाद गौशाला एवं चर्च रोड होते हुए गांधी बाजार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यापर्ण कार्यक्रम संपन्न किया जायेगा. इसके बाद 24 अप्रैल को कलाकारों का यह दल सुबह दस बजे वाहन से बैरिया के लिए प्रस्थान करेगा. वहां बैरिया से लौकरिया तक हेरिटेज वॉक होगा. इसके उपरांत यह दल शिवराजपुर (नौतन प्रखंड) पहुंचेगा और वहां आयोजित लोक शिकायत निवारण कैंप में भाग लेगा. डीएम ने बताया कि इन सभी कार्यक्रमों को लेकर क्षेत्राधीन माननीय सांसदों, विधायकों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है.
11.30 बजे से निकलेगी तिरंगा यात्रा, शामिल होंगे केंद्रीय कृषि मंत्री : आज शनिवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. यह यात्रा सुबह 11 बजे से निकलेगी. इसमें मोतिहारी से स्पेशल ट्रेन से गांधी जी आयेंगे. जहां रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्वागत समारोह में उनका भव्य स्वागत किया जायेगा. फिर यहां से तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी. स्वागत समारोह से लेकर तिरंगा यात्रा तक इसमें केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह शामिल होंगे. यह कार्यक्रम नागरिक समिति की ओर से किया जा रहा है. इसको लेकर स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम की तैयारी पूरी कर ली गयी है.
नागरिक समिति द्वारा प्रस्तावित पदयात्रा की सशर्त अनुमति : चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष को लेकर नागरिक समिति द्वारा प्रस्तावित रेलवे स्टेशन परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा सशर्त अनुमति प्रदान कर दी गई है.
बता दें कि बिहार राज्य के नगर निकाय क्षेत्रों में निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ रहने के चलते 19 अप्रैल से नगर परिषद के संपूर्ण क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता प्रभावी है. राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा आदर्श आचार संहिता को दृष्टिगत रखते हुए चंपारण सत्याग्रह शताब्दी वर्ष के अवसर पर 22 अप्रैल को नागरिक समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पदयात्रा के आयोजन की अनुमति तथा इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री के भाग लेने की अनुमति इस शर्त के साथ प्रदान की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >