मुफस्सिल थाने के पोखरभिंडा गांव की घटना, सिरफिरे आशिक का कारनामा
बेतिया : सिरफिरे आशिक ने पेट्रोल छिड़क कर कमरे में सो रहीं दो सगी बहनों को जिंदा जला दिया. छोटी बहन दीपमाला उर्फ समता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं, बड़ी बहन ममता कुमारी को गंभीर हालत में मोतिहारी के निजी अस्पताल में भरती कराया गया है. घटना मुफस्सिल थाने के पोखरभिंडा गांव में मंगलवार की रात तीन बजे हुई.
घटना के समय परिवार के सभी पुरुष सदस्य चचेरे भाई की शादी में बरात गये थे. आरोपित प्रेमी जूडो कराटे का शिक्षक है व ममता को प्रशिक्षण देता था. घटना के बाद से वह फरार है. सूचना मिलते ही एसपी विनय कुमार मौके पर पहुंच मामले की जांच की. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है.
जानकारी के अनुसार, पोखरभिंडा के ट्रैक्टर चालक रामप्रवेश ठाकुर की पुत्री ममता कुमारी शहर के आरएलएसवाइ कॉलेज में बीए पार्ट वन की छात्रा है. वहीं, छोटी बेटी समता कुमारी उर्फ दीपमाला ने इस साल मैट्रिक की परीक्षा दी है. ममता शहर के लालबाजार तुलसी मार्केट में स्थित जूडो कराटे प्रशिक्षण संस्थान में जूडो का प्रशिक्षण लेती थी.
श्रीनगर थाने के घोड़हिया का रहनेवाला रूदल शर्मा का पुत्र नवनील शर्मा प्रशिक्षण देता था. कुछ दिन पहले नवनील ने चोरी से ममता की तस्वीर लेकर उससे प्यार का इजहार किया, लेकिन उसने इनकार कर दिया. नवनीत शादी के लिए ममता पर दबाव बनाने लगा. लेकिन, ममता हर बार इनकार करती रही.
दो बहनों को जिंदा
दबाव बनाने के लिए वह धमकी भी देता था.
इधर, मंगलवार को ममता के चचेरे भाई धनंजय की शादी थी. बरात मनुआपुल गयी थी, जिसमें परिवार के सभी पुरुष सदस्य गये थे. ममता की मां भागमुनी देवी ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9.15 बजे नवनील ने बेटी ममता के मोबाइल पर फोन कर पूरे परिवार के साथ जला देने की धमकी दी. ममता ने इसकी जानकारी अपनी मां दी. धमकी को परिजनों ने हल्के में लिया. इसके बाद ममता छोटी बहन दीपमाला के साथ पीछे के कमरे में सोने चली गयी. जब पूरा परिवार गहरी नींद सो रहा था. इसी दौरान रात करीब तीन बजे आरोपित नवनील ने घर के पीछे के रोशनदान से कमरे के अंदर पेट्रोल छिड़ कर आग लगा दी.
देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गयी व दोनों बहनें जलने लगीं. जब तक वे दरवाजा खोल कर बाहर निकलतीं, तब तक दोनों बुरी तरह झुलस गयी थीं. आनन-फानन में परिजन दोनों को एमजेके अस्पताल बेतिया ले गये. जहां डॉक्टरों ने दीपमाला को मृत घोषित कर दिया. जबकि ममता को रेफर कर दिया. ममता का इलाज मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
रोशनदान के रास्ते पेट्रोल फेंक घटना को दिया अंजाम
पीड़िता के चचेरे भाई की थी शादी, बरात में गये थे सभी परिजन
जूडो-कराटे का शिक्षक है आरोपित प्रेमी नवनील शर्मा
एकतरफा प्यार में बना हैवान
दूसरी बहन अस्पताल में भरती
एसपी ने लिया जायजा
घटना की सूचना पर बुधवार को एसपी विनय कुमार ने पीड़िता के घर पहुंच कर मामले का जायजा लिया. एसपी ने इस दौरान पुलिस को आवश्यक निर्देश दिये और आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को कहा.
