बेतिया : जिला कोषागार बेतिया में विपत्रों के प्रस्तुतीकरण के लिए समय निर्धारित कर दिया गया है. 28 फरवरी 2017 के पहले प्राप्त आवंटनों से संबंधित विपत्र 21 मार्च तक ही अंतिम रूप से कोषागार में स्वीकार किया जायेगा.
यह व्यवस्था कतिपय कार्यालयों द्वारा वित्तीय वर्ष के अंतिम सप्ताह में कोषागार में विपत्रों के उपस्थापन करने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के उद्देश्य से किया गया है. डीएम लोकेश कुमार सिंह ने इस आशय का आदेश सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को जारी कर दिया गया है.
डीएम की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक,
28 फरवरी के पहले प्राप्त सभी प्रकार के आवंटनों से संबंधित विपत्र 21 मार्च तक ही कोषागार में स्वीकार किया जायेगा. 28 फरवरी से 10 मार्च तक प्राप्त हुए आवंटन से संबंधित विपत्रों के लिये कोषागार में उपस्थापन करने की अंतिम तिथि 22 मार्च निर्धारित की गयी है. वहीं 11 से 23 मार्च तक प्राप्त आवंटन वाले विपत्रों को 24 मार्च तक एवं 24 से 28 मार्च तक प्राप्त होने वाले बिलों को 29 मार्च तक कोषागार में उपस्थापित किया जा सकेगा. माह के अंतिम दो दिनों में प्राप्त होने वाले आवंटनों से संबंधित विपत्र 31 मार्च को 11 बजे पूर्वाह्न तक कोषागार में प्रस्तुत करना आवश्यक होगा.
जिला कोषागार से निर्गत आदेश में कहा गया है कि मार्च माह के अंतिम दिनों में कोषागार में विपत्रों के उपस्थापन में अप्रत्याषित वृद्धि देखी जाती है. जिसके चलते विपत्रों को चेक कर पारित करने में कठिनाई होती है. इसी को देखते हुए यह कोषागार में विपत्रों को उपस्थापित करने की समयबद्ध व्यवस्था की गयी है.
आदेश जारी
डीएम ने कोषागार में बिल प्रस्तुत करने की समयबद्ध व्यवस्था
लागू करने का दिया निर्देश
पूर्व में प्राप्त आवंटन से संबंधित विपत्र 21 मार्च तक ही स्वीकार
किये जायेंगे
