जीएसटी . करा लें रजिस्ट्रेशन, नहीं तो व्यापार बनेगा चुनौती
बेतिया : जीएसटी (गुड्स एंड सर्विस टैक्स) एक जुलाई से लागू होने की बात चल रही है. इसके अंतर्गत व्यवसायियों का रजिस्ट्रेशन चल रहा है, जो 15 मार्च को बंद हो जायेगा.
रजिस्ट्रेशन नहीं कराये जाने की दशा में रजिस्टर्ड व्यवसायियों को एक जुलाई से व्यवसाय करने में भारी असुविधा होगी. यानी, व्यापार बंद हो जायेगा. उन्हें अंतिम स्टॉक आइटीसी उपलब्ध नहीं हो पायेगा. यानी, जिस व्यापारी का बचा हुआ माल, जिस पर उन्होंने कर भरा है, उसकी आगे भरपाई नहीं हो सकेगी.
वाणिज्यकर विभाग के अनुसार जिले में लगभग छह हजार रजिस्टर्ड उपभोक्ता हैं. इसमें से करीब तीन हजार व्यापारी लॉइव व्यापारी की श्रेणी में है. इसमें से 2100 ही रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है. हालांकि कुछ व्यापारियों ने लॉग इन किया है. जो बहुत ही कम है. विभाग का कहना है कि अगर जीएसटी लागू होगा तो बिना रजिस्ट्रेशन कराये व्यापारियों को भारी परेशानी होगी.
अभी व्यापारियों से कई प्रकार के अलग-अलग टैक्स वसूले जाते हैं. इन करों के भुगतान में भी व्यापारियों को जटिलता का एहसास होता है. इसमें समय और धन दोनों बरबाद होता है. व्यापारियों को राहत देने और देश भर में एक समान टैक्स देने की व्यवस्था जीएसटी के तहत की जा रही है.
व्यापारियों में ऊहापोह: जिले में लगभग छह हजार रजिस्टर्ड व्यापारी व फर्म है, जिसमें 2100 ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है. जबकि कुछ व्यापारियों ने केवल लॉग इन कर पोर्टल पर छोड़ दिया है. जीएसटी को लेकर अभी भी व्यापारियों में संशय बना हुआ है.
ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
बनी है हेल्प डेस्क
वाणिज्यकर विभाग के कार्यालय में हेल्प डेस्क लगायी गयी है. यहां पर जानकारी देने के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है. वाणिज्यकर अधिकारी के अनुसार प्रचार-प्रसार किया गया है. व्यापारियों को जागरूक किया गया है. इसके लिए उन्हें रजिस्ट्रेशन करने से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.
कागजात जो सॉफ्ट कॉपी में रखें तैयार
निबंधन प्रमाणपत्र, फोटोग्राफ
पार्टनरशिप होने की दशा में पार्टनरशिप डीडी
प्राधिकृत हस्ताक्षर कर्ता की नियुक्ति का साक्ष्य, बैंक पासबुक और बैंक स्टेटमेंट
इसकी होगी जरूरत
जीएसटी से प्राप्त आइडी व पासवर्ड
मुख्यकर्ता का इ-मेल, पता व मोबाइल नंबर
बैंक खाता नंबर
आइएफएसी कोड
प्रस्तावित जीएसटी एक जुलाई से लागू होगी. व्यवसायियों का रजिस्ट्रेशन चल रहा है, जो 15 मार्च को बंद हो जायेगा. जीएसटी में रजिस्ट्रेशन कराने से अंतिम समय में होने वाली परेशानी से बच सकेंगे. अन्यथा व्यापार में भारी परेशानी होगी. बचे हुए माल जिस पर टैक्स भरा है, उसकी आगे भरपाई नहीं हो सकेगी.
दुर्गा प्रसाद, सहायक आयुक्त वाणिज्य कर विभाग बेतिया
