मझौलिया : स्थानीय बाजार के अतिक्रमणकारियों के दिन अब लद चुके हैं. रविवार को अतिक्रमणकारियों के अतिक्रमित भूमि पर बुलडोजर चलाये जाने से यह साबित हो गया.
इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारियों और पुलिस बल के कारण बाजार छावनी में तब्दील रहा. प्रशासनिक पदाधिकारियों ने घोषणा की कि अतिक्रमण करनेवाला अमीर हो या गरीब हर हाल में अतिक्रमण हटेगा. अतिक्रमित भूमि पर एकमंजिला हो या दो मंजिला मकान यहां से हटना तय है. कब्जा से बाजार मुक्ति तक अभियान जारी रहेगा. इस अभियान का नेतृत्व सदर एसडीएम सुनील कुमार, एएसपी अभियान राजेश कुमार, सीओ वीरेंद्र मोहन, थानाध्यक्ष ओपी चौहान आदि ने किया.
विदित हो कि अतिक्रमणकारियों के कारण बाजार के सभी सरकारी भूमि पर कब्जा हो गये थे. जाम के कारण यहां प्रतिदिन घंटों जाम से आवागमन प्रभावित होता रहता था. कई अतिक्रमणकारी तो सड़क के किनारे सैरात और कैसरे हिंद की भूमि पर पक्का निर्माण भी कर चुके थे. इसके मद्देनजर सीओ ने वाद संख्या 31/16-17 चलाकर सभी अतिक्रमणकारियों को पक्का और झोपड़ी को हटा लेने के लिए 48 घंटे का मोहलत दिया गया था. यह मौका बीतने के बाद प्रशासन ने स्वयं बुलडोजर चलाने का अभियान शुरू कर दिया. एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि बाजार में किसी भी तरह की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना है. इसके लिए पूर्व से ही सीओ को निर्देश दिया गया था कि पैमाइश कराकर अतिक्रमण हटाया जाय.
