नरकटियागंज : नगर के विभिन्न चौक चौराहों पर जाम के कारण वाहनों के रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. जाम की वजह से सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग जा रही है. मैट्रिक परीक्षा को लेकर नगर के विभिन्न मार्गों में भीड़ बढ़ गई है.
ट्रैफिक पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रह रही है. सर्वाधिक परेशानी रेलवे गुमटी होकर आनेवाले लोगों को हो रही है. यहां मैट्रिक की परीक्षा देनेवाले परीक्षाथिर्यों को जाम से रोज जूझना पड़ रहा है. रेलवे गुमटी पर जाम की स्थिति से निबटने के लिए चार ट्रैफिक पुलिस के जवानों को लगाया गया है. लेकिन जाम की स्थिति रोज दिन की यही रह रही है.
शुक्रवार को रेलवे गुमटी के समीप इस कदर जाम की समस्या उत्पन्न हुई थी कि रेलवे बूम गिराने के लिए पैनल कर्मी सायरन बजाता रहा, लेकिन रेलवे गुमटी समय पर बंद नहीं होने के कारण एक्सप्रेस ट्रेन आधा घंटा विलंब से खुली.
शुक्रवार को रेलवे गुमटी पर भीषण जाम लगने के कारण गुमटी के तीनों तरफ छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतर लग गयी थी. यहां तक के रेलवे गुमटी के पास पैदल चलने वालों को भी परेशान देखा गया. इस जाम के कारण नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी 15216 का निर्धारित समय एक बजे है. लेकिन गुमटी पर जाम होने कारण एक बजकर चालीस मिनट पर यह ट्रेन खुली. रेलवे गुमटी गिराने के लिए पैनल कर्मी लगभग 25 मिनट तक अपना सायरन बजाता रहा. लेकिन जाम इतना लंबा था कि कतार टूटने में काफी समय लग गया है. किसी तरह वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवान दोनों तरह वाहनों को रोक कर ट्रेन को पास कराया है. वही गुमटी बंद की स्थिति में कई वाहनों को बीच में ही रोकना पड़ा.
लगता है रोजाना जाम : रेलवे परिक्षेत्र स्थित रेलवे गुमटी, हरदिया चौक, पोखरा चौक, हाइस्कूल चौक, पुरानी बाजार पेट्रोल पंप चौक से होते हुये अस्पताल चौक तक रोज जाम का नजारा दिखता है.
12 पुलिसकर्मियों को लगाया गया है चौराहे पर : स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा बारह ट्रैफिक पुलिस के जवानों विभिन्न चौक चौराहों पर लगाया गया है. इसकी जानकारी देते हुए शिकारपुर थाना के थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मैट्रिक परीक्षा को देखते शिकारपुर पुलिस विभिन्न चौक चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को देखने के लिए चौदह जवान को लगाया गया है. इसमें रेलवे गुमटी के दोनों तरफ चार, दो मुख्य मार्ग हाइस्कूल चौक, व मुख्य मार्ग में आने वाले परीक्षा केंद्रों के सामने तैनात किया गया है.
हालांकि सामान्य दिनों में इनकी संख्या छव है. वही रेलवे गुमटी के समीप आरपीएफ द्वारा दो पुलिस को तैनात किया गया है. बावजूद जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
वाहन चालक भी है जिम्मेवार
जाम की समस्या उत्पन्न होने का एक मुख्य कारण वाहन चालक भी है. ट्रैफिक पुलिस के सामने ही जल्दी निकलने के चक्कर में अपने वाहनों को गलत तरीके से लगा देते कर आगे बढने का प्रयास करते है. नतीजतन जाम की स्थिति बन जाती है.
