खुलासा. पौने चार करोड़ रुपये की गड़बड़ी का मामला
सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि का मामला
बीडीओ ने निर्गत की राशि, जमा नहीं होने पर गबन की प्राथमिकी दर्ज करने की चेतावनी
दूसरे प्रखंडों में हो चुका है चारों पंचायत सचिवों का तबादला
सरिसवा : मझौलिया प्रखंड के चार पंचायतों के पंचायत सचिव सामाजिक सुरक्षा राशि पेंशन राशि की हेराफेरी में फंस गये हैं. यह राशि तीन करोड़ चौहतर लाख बैयालिस हजार एक सौ रुपये की है.
यह पेंशन राशि प्रखंड के धोकराहां, महोदीपुर, हरपुर गढ़वा, रमपुरवा महनवा, बरवा सेमराघाट, डूमरी बहुअरवा पंचायतों की है. इस मामले में बीडीओ जितेंद्र राम ने चेतावनी पत्र जारी की है. जिसमें सरकारी राशि समायोजित नहीं करने पर दुरुपयोग का मामला बताया है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र राशि नजारत में नहीं जमा करायी गयी तो सभी पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जायेगी. जानकारी के अनुसार धोकराहां पंचायत में एक करोड़ उन्नीस लाख छप्पन हजार तीन सौ, हरपुर गढ़वा और रमपुरवा महनवा पंचायतों में एक करोड़ अड़सठ लाख चार हजार चार सौ, बहुअरवा पंचायत में तिहतर लाख पंद्रह हजार चार सौ, बरवा सेमराघाट और डुमरी पंचायतों चौहतर लाख छियासी हजार एक सौ रुपये की राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन मद में मुहैया करायी गयी थी.
2015-16 में धोकराहां पंचायत के पंचायत सचिव रामचंद्र राम, बहुअरवा पंचायत के गिरिजा शंकर प्रसाद, बरवा सेमराघाट एवं डुमरी पंचायतों के कमरूद्दीन अंसारी, हरपुर गढ़वा और रमपुरवा महनवा पंचायतों के पंचायत सचिव आलिम अंसारी ने पेंशनधारियों में पेंशन राशि वितरित करने के लिए लिये थे.
इसमें से कुछ राशि का वितरण करने के बाद पंचायत सचिवों की ओर से उसकी उपयोगिता प्रमाण पत्र देकर राशि समायोजित करा ली गयी. जबकि तीन करोड़ चौहत्तर लाख, बैयालिस हजार एक सौ रुपये का समायोजन नहीं कराया गया. बीडीओ श्री राम ने बताया कि चारों पंचायत सचिव का तबादला भी दूसरे प्रखंड में हो गया है. इन पर राशि गबन की प्राथमिकी जल्द ही दर्ज करायी जायेगी.
